Trending

सिद्धार्थ विश्वकर्मा ने रचा इतिहास, डेविस कप के लिए चयनित होने वाले यूपी के पहले खिलाड़ी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के टेनिस खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा ने स्वीडन के खिलाफ खेलने वाली भारत की डेविस कप टीम में चयनित होकर इतिहास रच दिया। डेविस कप टीम में चयनित होने वाले सिद्धार्थ विश्वकर्मा यूपी के पहले खिलाड़ी हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपीटीए ने आज इस बाबत जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन (यूपीटीए) सचिव पुनीत अग्रवाल के अनुसार आल इंडिया टेनिस एसोसिएशन यानी आइटा की चयन समिति ने स्वीडन के खिलाफ 14 औऱ 15 सितंबर को होने वाले मुकाबले के लिए भारतीय टीम की घोषणा की है।

स्वीडन के स्टॉकहोम में होने वाली इस डेविस कप टाई में चयनित खिलाड़ियों में सुमित नागल, रामकुमार रामनाथन, एन श्रीराम बालाजी, निकी पोनाचा औऱ सिद्धार्थ विश्वकर्मा शामिल हैं।

इस टीम में आर्यन शाह को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर जगह दी गयी है। भारतीय टीम का नेतृत्व गैरखिलाड़ी कप्तान रोहित राजपाल करेंगे। टीम के कोच का दायित्व आशुतोष सिंह को सौंपा गया है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा के चयन पर यूपीटीए के अध्यक्ष नवनीत सहगल ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ की ये उपलब्धि उनके लिए तो बहुत बड़ी है पर इसका बहुत व्यापक असर यूपी टेनिस पर पड़ने वाला है।

वहीं यूपीटीए के सचिव पुनीत अग्रवाल ने सिद्धार्थ के चयन को यूपी टेनिस के लिए बहुत बड़ा मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ चूंकि अभी अपनी प्रैक्टिस पर पूरा ध्यान लगा रहे हैं इसलिए जब वो स्वीडन से लौटेंगे तो उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन उनका सम्मान करेगा।