डायमंड लीग में चुनौती पेश करेंगे नीरज चाेपड़ा, स्विट्जरलैंड पहुंचे
पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले स्टार भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने हाल ही में स्विट्जरलैंड पहुंचकर आगामी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने एक वीडियो से बताया कि वह ट्रेनिंग के लिए स्विट्जरलैंड पहुंच गए हैं और लॉजेन डायमंड लीग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का फैसला किया है, जो 22 अगस्त से शुरू हो रही है।
उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक के दौरान उनकी चोट और ज्यादा खराब नहीं हुई है, उन्होंने चोट ज्यादा नहीं बढ़ने पर विशेष ध्यान दिया था।
उन्होंने कहा, “मैंने सोचा कि ओलंपिक के बाद मुझे अपने सीजन को आगे बढ़ाना चाहिए। इसलिए मैंने तय किया कि मैं भारत नहीं आऊंगा और अपनी तैयारी को पुख्ता करूंगा, क्योंकि मुझे कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट खेलने हैं।
टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने सीजन के खत्म होने के बाद ही अपनी चोट के इलाज के लिए डॉक्टर से परामर्श करेंगे। नीरज ने कहा, “मेरे पास एक महीने का सीजन बचा है, मैंने सोचा कि इलाज के लिए डॉक्टर से परामर्श करने का समय सीजन के बाद रहेगा।
उन्होंने बताया कि, वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं क्योंकि उनकी रणनीति आगामी प्रतियोगिताओं में अच्छे प्रदर्शन को बरकरार रखने की है।
नीरज के पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने के बाद भारत में उनके आने का इंतजार किया जा रहा था। नीरज ने आगामी टूर्नामेंटों को लेकर भारत न आने का फैसला किया है। वह अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए पेरिस से स्विट्जरलैंड चले गए।
नीरज ने पेरिस ओलंपिक में अपने इवेंट के बाद कहा था कि वह अब 90 मीटर थ्रो को क्रॉस करने पर ध्यान देंगे। ज्ञात हो कि, अरशद नदीम ने पेरिस ओलंपिक के पुरुष भाला फेंक फाइनल इवेंट में 92.97 मीटर की थ्रो के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया था।