विराट और पंत के साथ धवन-ईशांत का दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन ने किया सम्मान
दिल्ली में क्रिकेट का बड़ा दिल्ली प्रीमियर लीग टी20 का पहला सीजन अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू हुआ। इस मौके पर सिंगर बादशाह और एक्ट्रेस सोनम बाजवा ने परफॉर्म किया।

स्टार भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने इस लीग में खेलने का वादा निभाया। दिल्ली के हीरो ऋषभ पंत को देखने के लिए स्टेडियम में दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पंत के मैदान में उतरते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।
दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने इस खास मौके पर टीम इंडिया के चार स्टार खिलाड़ियों – विराट कोहली, ऋषभ पंत, इशांत शर्मा और शिखर धवन को सम्मानित किया।
DDCA ने इन चारों खिलाड़ियों को इनाम स्वरूप चेक दिए। विराट इस समारोह में शामिल नहीं हो सके। लीग के पहले मैच में पंत की टीम पुरानी दिल्ली 6 का मुकाबला साउथ दिल्ली सुपरस्टारज से हुआ।
ऋषभ पंत ने DDCA से वादा किया था कि वह एक मैच में जरूर खेलेंगे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए पंत ने 31 गेंदों में 35 रन बनाए। उनके साथी बल्लेबाज अर्पित राणा ने शानदार अंदाज में खेलते हुए अर्धशतक जड़ा।
उन्होंने कहा, ‘मैं दिल्ली प्रीमियर लीग में खेलकर बहुत उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि यह लीग उन खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका है, जिन्हें आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिलता है। जब लोग आपको इन लीग में खेलते हुए देखते हैं, तो वे आपको यहां से चुन सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि युवा खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
दिल्ली प्रीमियर लीग एक टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट है जो दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में छह टीमें भाग ले रही हैं। लीग का उद्देश्य दिल्ली में छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभा को एक मंच प्रदान करना है।