अब एक ही मैदान पर होगी पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश टेस्ट सीरीज
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के शेड्यूल में बड़ा बदलाव करना पड़ा है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दोनों मुकाबले पहले अलग-अलग स्टेडियम में होने थे, अब एक ही स्टेडियम में पूरी सीरीज खेली जाएगी।

सीरीज का दूसरा मुकाबला कराची के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना था, अब ये मुकाबला भी रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। एक तरह फैंस के आगे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को झुकना पड़ा है।
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 का दूसरा मुकाबला कराची के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना था, वहां आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तैयारियां चल रही हैं।
पहले पीसीबी ने इस बात का ऐलान किया था कि मुकाबला कराची में ही खेला जाएगा, स्टेडियम दर्शकों के लिए बंद रहेगा। बिना दर्शकों के टेस्ट मैच आयोजित करने के इस फैसले की आलोचना हुई तो बोर्ड को फैसला बदला पड़ा है।
फैंस ने मांग की थी कि लंबे समय के बाद पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट खेली जाएगी और दर्शकों को एंट्री ना मिले तो फिर क्या फायदा।
पीसीबी ने टिकटों की प्राइस काफी कम रखी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को ये फायदे का सौदा लगा होगा कि एक ही स्टेडियम में मैच आयोजित करा दिए जाएं, सुरक्षा देना और ट्रेवल अरेजमेंट्स करने में आने वाली लागत कम हो जाएगी और फैंस भी मुकाबला देख पाएंगे और इससे आमदनी भी होगी।
दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 21 अगस्त से शुरू होने जा रहा है, जो 25 अगस्त तक चलेगा। इसी मैदान पर 30 अगस्त से दूसरा मुकाबला 3 सितंबर तक खेला जाना है। बांग्लादेश टीम पाकिस्तान पहुंच चुकी है और अपनी तैयारी कर रही है।