बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले पैट कमिंस ने लिया 8 हफ्ते का ब्रेक
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने साल के अंत में भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए होने वाली पांच टेस्ट मैच की सीरीज के मद्देनजर 8 हफ्ते का ब्रेक लिया है।

कमिंस मेजर लीग क्रिकेट में खेलने के बाद ऑस्ट्रेलिया लौटे हैं। ऑस्ट्रेलिया में गर्मियों के शेड्यूल को देखते हुए उन्होंने खुद को तरोताजा रखने के लिए आराम करने का फैसला किया है।
उन्हें इंग्लैंड के सीमित ओवरों के दौरे के लिए टीम में नहीं चुना गया है। एक खेल साइट ने कमिंस के हवाले से कहा, ‘ब्रेक के बाद लौटने पर हर कोई तरोताजा महसूस करता है। आपको इसका अफसोस नहीं होता। उन्होंने कहा,‘मैं 18 महीने पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से लगातार गेंदबाजी कर रहा हूं।
इस ब्रेक से मुझे 7 या 8 हफ्ते तक आराम करने का समय मिल जाएगा। मैं तरोताजा होकर गर्मियों के लिए तैयारी शुरू कर सकता हूं। हम ट्रॉफी जीतने के लिए अच्छी स्थिति में हैं.
ऑस्ट्रेलिया ने 2017 के बाद से बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी नहीं जीती है और कमिंस यह सीरीज जीतने के लिए बेताब हैं। उन्होंने कहा,‘‘मैंने यहां ट्रॉफी नहीं जीती है। यह ऐसी ट्रॉफी है जिसे हमारी टीम के कई खिलाड़ी नहीं जीत पाए हैं।
गर्मियों में हमारा लक्ष्य इसे जीतना होगा। भारत की टीम बहुत अच्छी है। हम एक दूसरे के खिलाफ काफी क्रिकेट खेलते हैं और एक दूसरे को अच्छी तरह से समझते हैं, मुझे लगता है कि इस बार हम ट्रॉफी जीतने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।
कमिंस टी20 क्रिकेट छोड़ने के मूड में नहीं हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया को स्वर्ण पदक जीतने में मदद करेंगे।
क्रिकेट को ओलंपिक खेल 2028 में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा,‘ओलंपिक को लेकर हर कोई उत्साहित है। मैं उसका हिस्सा बनना चाहता हूं। मैं तब तक 35 साल का हो जाऊंगा और उम्मीद है कि मैं टीम का हिस्सा रहूंगा।