Trending

FEI टुएटो राइजिंग स्टार्स चैंपियनशिप में भारत की वास्वी खैतान चैंपियन

युवा भारतीय घुड़सवार वास्वी खैतान ने जर्मनी के हेगन ATW स्थल पर आयोजित FEI टुएटो राइजिंग स्टार्स चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। वह इस चैंपियनशिप को जीतने वाली पहली भारतीय घुड़सवार बन गई हैं।

साभार : गूगल

उन्होंने अपने घोड़े ‘पास्केलेना’ पर शानदार कंट्रोल दिखाते हुए दो चरणों वाले इस इवेंट में जीत दर्ज की। उनकी इस जीत के बाद परंपरा के अनुसार, भारत का राष्ट्रगान जर्मनी के हेगन ATW में बजाया गया।

वास्वी कुछ दिनों पहले 125 सेमी बाधा ऊंचाई प्रतियोगिता में 26वें स्थान पर रही थीं। अब उन्होंने 115 सेमी बाधा ऊंचाई प्रतियोगिता में दमदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया।

31 मार्च 2010 को जन्मी वास्वी खैतान 14 साल की उम्र में भारत की सबसे तेजी से उभरी हुई घुड़सवारों में से एक हैं। वास्वी ने 3 साल की उम्र से घुड़सवारी शुरू कर दी थी।

आज 14 साल की छोटी-सी उम्र में वह दुनिया की कई बड़ी प्रतियोगिताएं जीत चुकी हैं। वास्वी का सपना है कि वह 2026 में होने वाले यूथ ओलिंपिक और एशियन ओलिंपिक में भारत को गोल्ड मेडल जिताएं।