Trending

बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद क्रिकेट बोर्ड के निदेशक जलाल यूनुस ने छोड़ा पद

बांग्लादेश में सरकार बदलने के बाद क्रिकेट बोर्ड के निदेशक जलाल यूनुस ने इस्तीफा दे दिया है। बांग्लादेश में महिला वर्ल्ड कप 3 अक्टूबर से होना है।

साभार : गूगल

आईसीसी ने देश में पिछले दिनों हुई हिंसा के बाद दूसरे देश को मेजबानी देने का मन बना लिया है। इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट ऑपरेशन के चेयरमैन भी रहे जलाल ने पद छोड़ दिया।

उन्होंने कहा, क्रिकेट की भलाई को ध्यान में रखते हुए मैंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। सरकार बदलने के बाद इस्तीफा देने वाले जलाल क्रिकेट बोर्ड के पहले ही सदस्य हैं।

बांग्लादेश में स्टूडेंट प्रोटेस्ट की वजह से 5 अगस्त को आवामी लीग सरकार को इस्तीफा देना पड़ा था। जिसके बाद विपक्षी दल और स्टुडेंट यूनियन ने मिलकर बांग्लादेश में नई सरकार बनाई।

बांग्लादेश में तख्तापलट से पहले कई दिनों तक हिंसा हुई थी। जिसके चलते आईसीसी ने महिला टी-20  वर्ल्ड कप को बांग्लादेश में नहीं कराने का फैसला किया। आईसीसी ने मेजबानी के लिए भारत से बात की, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने मेजबानी करने से इनकार कर दिया।

आईसीसी ने भारत के बाद श्रीलंका और यूएई बोर्ड से बात की। बांग्लादेश बोर्ड ने आईसीसी से आखिरी फैसला लेने के पहले 21 अगस्त तक का समय मांगा है। जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने भी महिला वर्ल्ड कप होस्ट करने की इच्छा जताई है।

बांग्लादेश टीम को अगले महीने 19 सितंबर से भारत में 2 टेस्ट की सीरीज खेलनी है। चेन्नई में पहला टेस्ट और 27 सितंबर से कानपुर में दूसरा टेस्ट होगा। दौरे पर बांग्लादेश को ग्वालियर, दिल्ली और हैदराबाद में 3 टी-20 खेलने हैं।