Trending

पूर्व बैटिंग कोच विक्रम राठौर ने की विराट और रोहित की तारीफ

भारतीय टीम के पूर्व बैटिंग कोच विक्रम राठौर लंबे समय तक टीम के साथ जुड़े रहे। विक्रम राठौर, रवि शास्त्री से लेकर राहुल द्रविड़ के बतौर हेड कोच कार्यकाल तक टीम इंडिया के बैटिंग कोच बने रहे।

साभार : गूगल

विराट के कप्तान रहने वाले दिनों में भी वो टीम इंडिया के बैटिंग कोच थे और रोहित शर्मा की कप्तानी के दौरान भी वो इस पद पर बने रहे। विराट और रोहित में बेहतर कप्तान कौन है, इस पर बहस हमेशा होती रहती है। विक्रम राठौर ने दोनों की जमकर तारीफ की।

उन्होंने बताया कि किस तरह विराट ने अपनी कप्तानी में पूरी टीम का माइंडसेट बदल डाला। वहीं उन्होंने रोहित शर्मा की कप्तानी की तीन सबसे खास बातें गिनाई हैं।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के साथ ही विक्रम राठौर का टीम इंडिया के बैटिंग कोच बने रहने का सफर भी खत्म हो गया। भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था।

विराट की तारीफ करते हुए विक्रम राठौर ने एक पॉडकास्ट शो पर कहा, ‘विराट असली लीडर हैं, टीम इंडिया में कभी ना हार मानने वाला एटिट्यूड लेकर वही आए। उन्होंने लोगों में वो माइंडसेट पैदा किया कि हम किसी भी परिस्थिति से वापसी करके मैच जीत सकते हैं और हमेशा टीम इंडिया को जीत दिलाने के लिए ही खेले।

विराट की एक और बात के लिए विक्रम राठौर ने उनकी जमकर तारीफ की, उन्होंने कहा, ‘विराट ने 2016 आईपीएल में 160 के स्ट्राइक रेट से, 40 से ज्यादा छक्के मारते हुए 980 रन बनाए थे, इसके तुरंत बाद वो वेस्टइंडीज दौरे पर गए और वहां टेस्ट में डबल सेंचुरी ठोकी, जहां उन्होंने एक भी शॉट हवा में नहीं मारा था।

यह विराट की बड़ी खूबी है कि वो कोई भी कंडीशन को जल्दी एडाप्ट कर लेते हैं। रोहित की कप्तानी की तारीफ करते हुए विक्रम राठौर ने कहा कि वो कुछ भी भूल सकते हैं, अपना गेम प्लान हमेशा याद रखते हैं और उसमें उनके जैसा कोई नहीं है।

इसके अलावा स्ट्रैटजी बनाने के मामले में और टीम को फ्रंट से लीड करने के मामले में विक्रम राठौर ने रोहित की जमकर तारीफ की।