जापान ओपन : सतीश कुमार अंतिम 16 में
भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी सतीश कुमार करुणाकरन ने पहले दौर में डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसन के मैच के बीच में चोटिल होने की वजह से हटने पर जापान ओपन के पुरुष एकल के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

सतीश जब 6-1 से आगे चल रहे थे तब दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी एंटोनसन ने योकोहामा एरेना में मुकाबले के तीसरे मिनट में ही हटने का फैसला किया। दुनिया के 47वें नंबर के खिलाड़ी सतीश प्री क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के केंटाफोन वैंगचेरोएन से भिड़ेंगे।
किरण जॉर्ज को इस सुपर 750 टूर्नामेंट के पुरुष एकल के पहले दौर में जापान के केंता सुनेयामा के खिलाफ 19-21 14-21 से हार मिली। सुमित रेड्डी और सिक्की रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी का अभियान खत्म हो गई। यह जोड़ी पहले दौर में डेनमार्क के जेस्पर टॉफ्ट और एमेली मेगलुंड के खिलाफ मुकाबले के बीच से हट गई।
महिला युगल में रुतुपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा को पहले दौर में जूली फिन इपसेन और माई सुरो की डेनमार्क की जोड़ी के खिलाफ 34 मिनट में 8-21 14-21 से हार मिली। हाल में पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाला कोई भी भारतीय खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहा।