अंडर-20 सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप : बारिश के चलते भारत ने इंडोर अभ्यास में परखी तैयारी
भारतीय टीम की तैयारियों में लगातार बारिश ने बाधा डाली और शुक्रवार को अंडर-20 सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में मालदीव के खिलाफ मैच से पहले उसके प्लेयर्स को ‘इंडोर’ अभ्यास करना पड़ा।

भारतीय टीम को बुधवार को एएनएफए परिसर में ट्रेनिंग करनी थी, बारिश ने खेल बिगाड़ दिया और उन्हें अपने होटल में ही ट्रेनिंग करनी पड़ी, मुख्य कोच रंजन चौधरी अपने खिलाड़ियों के चोटिल होने का जोखिम नहीं उठाना चाहते थे।
टीम के कप्तान रिकी मैतेई हाओबम ने योजनाओं में मजबूरी में किए गए बदलाव को सहजता से लिया। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी चीजें कभी आपके नियंत्रण में नहीं होती हैं इसलिए उन पर विचार करने का मतलब नहीं है।
कुछ योजना के अनुसार नहीं होता है तो हमें बस सकारात्मक रहना होगा और अगले दिन या अगली गतिविधि के लिए तैयारी करनी होगी। यह सब दिमाग में होता है। भारत ने सोमवार को नौ खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद भूटान के खिलाफ 1-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
बुधवार को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए भूटान ने मालदीव को 2-1 से हराकर ग्रुप बी से अपनी दावेदारी बरकरार रखी। भारत को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए मालदीव के खिलाफ हार से बचना होगा।