अफगानिस्तान के सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे आर श्रीधर
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के पूर्व क्षेत्ररक्षण कोच आर श्रीधर को अपनी टीम का सहायक कोच बनाया है। वह न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के होने वाली सीरीज में टीम के साथ जुड़ेंगे।

अफगानिस्तान को सितंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच और फिर दक्षिण अफ्रीका के साथ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। टेस्ट मैच भारत के ग्रेटर नोएडा तो वनडे सीरीज शारजाह में होगी।
श्रीधर लेवल-3 सर्टिफाइड कोच हैं। एसीबी ने कहा है कि भविष्य में श्रीधर का अनुबंध लंबे समय बढ़ाया जा सकता है। नब्बे के दशक में हैदराबाद के लिए खेलने वाले श्रीधर ने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत 2001 में की थी।
वह 2014 अंडर-19 विश्व कप के समय में भारत की जूनियर टीम से जुड़े। इसी वर्ष उन्होंने आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब के साथ भी काम किया। वह 2014 से 2021 तक लगातार सात सालों तक भारतीय टीम के क्षेत्ररक्षण कोच रहे।