केरल सरकार पीआर श्रीजेश को देगी 2 करोड़ का नकद इनाम
केरल सरकार ने दिग्गज भारतीय हॉकी गोलकीपर और पेरिस ओलंपिक में टीम को दूसरा पदक दिलाने वाले पीआर श्रीजेश के लिए दो करोड़ के नकद पुरस्कार का ऐलान किया। सीएम कार्यालय के बयान के अनुसार, सीएम पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया।

इसमें बोला गया, ‘‘पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे पी आर श्रीजेश को दो करोड़ का नकद पुरस्कार मिलेगा। श्रीजेश ने पेरिस ओलंपिक के बाद संन्यास ले लिया था।
ओडिशा सीएम मोहन चरण माझी ने टीम के सदस्यों के लिए नकद पुरस्कार का ऐलान किया, जिसमें राज्य के स्टार खिलाड़ी अमित रोहिदास को चार करोड़ दिए गए। पीआर श्रीजेश को 50 लाख दिए गए, टीम के अन्य खिलाड़ियों को 15-15 लाख दिए गए। सहयोगी स्टाफ को 10-10 लाख दिए गए।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि कई मौके बनाने के बावजूद पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनल में जर्मनी से हारना दुर्भाग्यपूर्ण रहा। उन्होंने लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने के प्रदर्शन को बड़ी उपलब्धि बताया।
भारत ने पेरिस में स्पेन को हराकर कांस्य पदक जीता और इस तरह से टोक्यो ओलंपिक का प्रदर्शन दोहराया। इससे पहले सेमीफाइनल में उसे जर्मनी से 2-3 से हार मिली थी।
हरमनप्रीत ने इस मौके पर कहा, ‘जर्मनी के खिलाफ मैच करीबी था। हमने कई मौके बनाए, उस दिन भाग्य हमारे साथ नहीं था और कुछ अवसरों पर हम चूक गए।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि कांस्य पदक जीतना महत्वपूर्ण था। यह टूर्नामेंट मैं हमारा आखिरी मैच था और मैच जीतने के बाद खुशी महसूस हो रही है।
हमारी कोशिश थी कि हम अपना सपना स्वर्ण जीतने का पूरा करें, किस्मत ने हमारा साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा,‘हमारे पास कांस्य पदक जीतने का मौका था और हम जीत के लक्ष्य के साथ ही मैदान पर उतरे। हमने लगातार दो पदक जीते हैं और यह बड़ी उपलब्धि है।
भारतीय कप्तान ओडिशा में मिले स्वागत और सम्मान से काफी खुश थे। उन्होंने कहा,‘हमें हर तरफ से प्यार और सम्मान मिल रहा है। जब भी टीम यहां आती है, चाहे वह किसी टूर्नामेंट में खेलने के लिए हो या पदक जीतने के बाद, हमेशा अच्छा लगता है… हमें यहां बहुत सम्मान मिलता है।