Trending

नवाबों के शहर में पहली बार मोहन बागान और ईस्ट बंगाल की टक्कर

नवाबों का शहर लखनऊ पहली बार दो प्रतिद्वंद्वी फुटबॉल टीमों मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच मुकाबले का गवाह बनेगा। यह मैच दो सितंबर को के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम में खेला जाएगा।

साभार : गूगल (के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम लखनऊ)

खेल निदेशक आर. पी. सिंह ने बताया कि मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच दो सितंबर को होने वाले इस मुकाबले की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह मैच दूधिया रोशनी में होगा। सीएम योगी भी मुकाबला देखने आएंगे।

उन्होंने बताया कि लखनऊ में पहली बार देश की दो बड़ी फुटबॉल टीमों के बीच मुकाबला होगा। इसमें 10 हजार दर्शकों के जुटने की सम्भावना है। मुकाबले की तैयारियों के तहत स्टेडियम में हाल ही में लगी फ्लड लाइट का परीक्षण का काम शुरू कर दिया गया है। खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम और अन्य सुविधाओं का प्रबंध हो रहा है।

उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने पिछले दिनों लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात की थी। उन्होंने प्रदेश में फुटबॉल के विकास की अच्छी सम्भावनाएं बताते हुए राज्य में इस खेल को बढ़ावा देने की जरूरत जतायी थी।

इस दौरान उन्होंने राजधानी में मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच मुकाबला कराने का प्रस्ताव भी दिया था। इसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है।

खेल निदेशक ने बताया कि दोनों टीमें एक सितंबर को लखनऊ पहुंच जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फुटबॉल को प्रोत्साहित करने के लिहाज से यह उत्साहजनक कदम है।