Trending

इस वजह से 6 दिन खेला जाएगा श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट

श्रीलंका क्रिकेट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले महीने शुरू होने वाले दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए शेड्यूल की घोषणा कर दी है। श्रीलंका क्रिकेट द्वारा घोषित शेड्यूल में पहला टेस्ट 6 दिन में होगा। हालांकि एक टेस्ट पांच दिन का होता है लेकिन गॉल में होने वाले इस टेस्ट के दौरान चुनाव होने से एक दिन के लिए रेस्ट रहेगा। श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव 21 सितंबर को होगा।

साभार : गूगल

पहला टेस्ट 18 सितंबर से शुरू होगा, जिसमें रेस्ट डे भी रहेगा। पिछले दो दशक में ये पहली बार होगा श्रीलंका 6 दिन का टेस्ट मैच खेलेगा।

ऐसा आखिरी बार 2001 में कोलंबो में जिम्बाब्वे के खिलाफ हुआ था, जब पोया दिवस के लिए रेस्ट डे रखा गया था, जो श्रीलंका में पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाने वाला पारंपरिक अवकाश है।

टेस्ट क्रिकेट में रेस्ट डे एक आम बात थी, इंग्लैंड में कई मैच छह दिन तक खेले जाते थे और कई बार रविवार को कोई खेल नहीं होता था। टेस्ट क्रिकेट में आखिरी बार एक मैच में रेस्ट डे बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच 2008 में हुए मैच के दौरान घोषित किया गया था।

बांग्लादेश ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के अपने शुरुआती मैच में संसदीय चुनाव की वजह से 29 दिसंबर को रेस्ट डे शामिल किया था। दो मैचों की यह सीरीज मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा है जिसका दूसरा टेस्ट 26-30 सितंबर तक उसी स्थान पर होगा।

श्रीलंका और न्यूजीलैंड दोनों ही मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 ​​चक्र में प्रबल दावेदार हैं, इस समय अंक तालिका में टीमें तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। यह सीरीज न्यूजीलैंड के एशिया में लगातार टेस्ट दौरों का हिस्सा होगी, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और भारत के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज है।