बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप : अंडर-15 एकल फाइनल में तनवी की एंट्री, जी दत्तू को कांसा
भारत की जूनियर शटलर तनवी पत्री ने शनिवार को चीन के चेंग्दू में ‘बैडमिंटन एशिया अंडर-17 और अंडर-15 जूनियर चैंपियनशिप’ में अंडर-15 लड़कियों के एकल वर्ग में थाईलैंड की कुंगकेव काकानिक पर जीत के साथ फाइनल में जगह पक्की की।
शीर्ष वरीयता प्राप्त तनवी को शुरुआती गेम में कड़ी टक्कर मिली, उन्होंने दूसरे गेम में अपनी प्रतिद्वंद्वी को मौका नहीं दिया और 31 मिनट में 21-19, 21-10 से जीत दर्ज की। फाइनल में उनका मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त वियतनाम की गुयेन थी थू हुइगेन से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में चीन की लियू यू टोंग को 21-18, 17-21, 21-19 से हराया।

इससे पहले सामिया इमाद फारूकी ने 2017 में अंडर-15 लड़कियों के एकल वर्ग का खिताब अपने नाम करने में सफल रही थी और तस्नीम मीर 2019 में उसी वर्ग में विजयी रही थीं। लड़कों के अंडर-17 वर्ग में जी दत्तू को सेमीफाइनल में इंडोनेशिया का रादिथ्या बायु वर्धन से हार मिली। वह कांस्य पदक के साथ देश लौटेंगे।
इंडोनेशिया के खिलाड़ी ने पहले गेम को हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 9-21, 21-13, 21-13 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का किया।