दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ निकोलस पूरन ने 7 छक्के लगाए
निकोलस पूरन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में तूफानी पारी खेलते हुए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

निकोलस ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में 26 गेंद में 65 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने दो चौके और सात छक्के लगाए। ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उन्होंने सूर्यकुमार यादव और जोस बटलर को सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
मैच के शुरू होने से पहले टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में निकोलस सातवें नंबर पर थे। इस पारी के बाद उन्होंने ग्लैन मैक्सवेल, सूर्यकुमार यादव और जोस बटलर जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है।
निकोलस से आगे सिर्फ मार्टिन गप्टिल (173) और रोहित शर्मा (205) हैं। पूरन की इस पारी से वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को पहले टी20 में सात विकेट से हराया और तीन मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
दक्षिण अफ्रीका ने ट्रिस्टन स्टब्स के 76 और पैट्रिक क्रूगर के 44 रनों से 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 174 रन बनाए। मैथ्यू फोर्ड ने तीन और शेमार जोसेफ ने दो विकेट लिए।
जवाब में वेस्टइंडीज ने दमदार शुरुआती की। एलिक अथानाजे और शाई होप के बीच पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी हुई। एलिक 30 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए। होप ने 36 गेंद में 51 रन बनाए। इसके बाद पूरन ने 26 गेंद में 65 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के
रोहित शर्मा : 159 मैच में 205 छक्के
मार्टिन गुप्टिल : 122 मैच में 173 छक्के
निकोलस पूरन : 96 मैच में 139 छक्के
जोस बटलर : 124 मैच में 137 छक्के
सूर्यकुमार यादव – 71 मैच में 136 छक्के