Trending

तन्वी पत्री एशियाई अंडर-15 चैंपियन

चीन के चेंग्दू में रविवार को हुए फाइनल में भारतीय खिलाड़ी तन्वी पत्री ने वियतनाम की थि थू हुयेन गुयेन को हराकर बैडमिंटन एशिया अंडर-17 एवं अंडर-15 जूनियर चैंपियनशिप में अंडर-15 वर्ग में लड़कियों का एकल खिताब अपने नाम किया।

शीर्ष वरीय तन्वी ने फाइनल में अपनी दूसरी वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वी पर 22-20 21-11 से जीत दर्ज की। तन्वी इस जीत से सामिया इमाद फारूकी और तस्नीम मीर की सूची में आई, जिन्होंने 2017 और 2019 में अंडर-15 लड़कियों का एकल खिताब जीता था।

तन्वी ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और उन्होंने जो पांच मैच खेले उनमें एक भी गेम नहीं हारा। फाइनल के पहले गेम में तन्वी एक समय 11-17 से पीछे चल रही थी, इसके बाद वियतनाम की खिलाड़ी ने कई गलतियां की जिसका फायदा उठाकर भारतीय खिलाड़ी पहला गेम अपने नाम पर करने में सफल रही।

तन्वी ने दूसरे गेम में अपनी प्रतिद्वंद्वी को मौका नहीं दिया और मैच जीत कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस तरह से भारत ने इस प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता। ज्ञान दत्तू टीटी ने शनिवार को अंडर-17 वर्ग में लड़कों की एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

तन्वी की इस सफलता पर महासचिव संजय मिश्रा ने कहा, “बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में तन्वी पत्री की खिताबी जीत और अंडर-17 पुरुष एकल वर्ग में ज्ञान दत्तू के कांस्य पदक ने एक बार फिर भारत के पास मौजूद मजबूत प्रतिभा पूल और इस प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए भारतीय बैडमिंटन संघ के प्रयासों को रेखांकित किया है।

मजबूत और बेहद प्रतिस्पर्धी घरेलू सर्किट हमारे शीर्ष खिलाड़ियों को ऐसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में हम न केवल तन्वी और ग्नान बल्कि अन्य भारतीय जूनियर खिलाड़ियों से भी कई खिताब जीतते हुए देखेंगे।”