Trending

टेस्ट : बांग्लादेश का कमाल, पहली बार पाकिस्तान को रौंदा

बांग्लादेश ने रावलपिंडी में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में रविवार को अंतिम दिन पाकिस्तान को 10 विकेट से हराया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने पहली पारी में छह विकेट पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की थी। बांग्लादेश ने पहली पारी में 565 रन बनाए थे और 117 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में पाकिस्तान 146 रन पर सिमट गई।

@AFP/Getty Images

बांग्लादेश को जीत के लिए 30 रन का लक्ष्य मिला, जिसे बांग्लादेश ने 10 विकेट रहते आसानी से हासिल कर लिया। मुशफिकुर रहीम को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश ने 1-0 से बढ़त बनाई। सीरीज का दूसरा टेस्ट 30 अगस्त से रावलपिंडी में होगा।

यह पहली बार है जब बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टेस्ट में हराया है। दोनों टीमों के बीच सबसे पहला टेस्ट अगस्त 2001 में हुआ था। दोनों देशों की टीमों के बीच 14 टेस्ट (रावलपिंडी टेस्ट सहित) मैच हुए। 12 टेस्ट पाकिस्तान ने जीते हैं। एक बांग्लादेश ने जीता है और एक टेस्ट ड्रॉ रहा है। 23 साल में पहली बार बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टेस्ट में हराया है।

रविवार को मैच के अंतिम दिन पाकिस्तान ने एक विकेट पर 23 रन से दूसरी पारी को आगे बढ़ाया। पाकिस्तान के बल्लेबाज बांग्लादेश के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते दिखे। टीम 146 रन पर ढेर हो गई।

दूसरी पारी में बांग्लादेश को जीत के लिए 30 रन का लक्ष्य मिला, जिसे बांग्लादेश के बल्लेबाजों शदमाम इस्लाम (नाबाद 9 रन) और जाकिर हसन (नाबाद 15 रन) ने हासिल कर लिया। दूसरी पारी में पाकिस्तान के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा 51 रन की पारी खेली।

सलामी बल्लेबाज अब्दुल्लाह शफीक ने 37 और बाबर आजम 22 रन बनाए। कोई अन्य बल्लेबाज ज्यादा कुछ नहीं कर सका। बांग्लादेश से दूसरी पारी में मेहदी हसन मिराज ने 4 विकेट, शाकिब अल हसनने 3 विकेट, शोरीफुल इस्लाम, नाहिद राणा और हसन महमूद ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले पाकिस्तान ने पहली पारी छह विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित की थी। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने नाबाद 171 रन और सऊद शकील ने 141 रन की पारी खेली थी। सलामी बल्लेबाज सैम अयूब ने 56 रन बनाए थे।

बांग्लादेश से पहली पारी में शोरिफुल इस्लाम और हसन महमूद ने दो-दो विकेट, मेहदी हसन मिराज और शाकिब अल हसन ने एक-एक विकेट लिया था। बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने पहली पारी में पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। उन्होंने पहली पारी में 565 रन बनाए और 117 रन की बढ़त हासिल की।

अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने 191 रन की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज शदमाम इस्लाम ने 93 रन बनाए, मोमिनुल हक ने 50 रन, विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने 56 रन और मेहदी हसन मिराज ने 77 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान से नसीम शाह ने तीन विकेट लिए, शाहीन अफरीदी, खुर्रम शहजाद और मोहम्मद अली ने दो-दो विकेट लिए थे। इस जीत के साथ बांग्लादेश को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में छठे पायदान पर आ गई। बांग्लादेश का अंक प्रतिशत 40 का हो गया है।

पाकिस्तान इस हार से आठवें स्थान पर आ गई है। उनके खाते में 22 अंक हैं और अंक प्रतिशत 30.56 का है। भारतीय टीम 68.5 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर है, गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 62.5 प्रतिशत अंकों के साथ दो पर बरकरार हैं।