आखिरी ग्रैंड स्लैम में ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम की हार
करियर का आखिरी ग्रैंड स्लैम खेल रहे ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम यूएस ओपन के पहले दौर में हार मिली। उन्हें अमेरिका के बेन शेल्टन ने 6-4, 6-2, 6-2 से हराया। यह मैच 50 मिनट तक चला।

हार के बाद 30 वर्षीय थिएम ने कहा कि यह अद्भुत क्षण था, दूसरी ओर थोड़ा दुखद भी था, इसलिए मैं बहुत खुश हूं कि मुझे इस कोर्ट पर अपना अंतिम अमेरिकी ओपन मैच खेलने का मौका मिला।
वे अक्टूबर में आखिरी टूर्नामेंट खेलेंगे। वे वियना में एटीपी 500 इवेंट में हिस्सा लेंगे। वे पहले ही रिटायरमेंट की घोषणा कर चुके हैं कि वे सीजन के अंत में संन्यास ले लेंगे। थिएम ने साल 2020 में यह टूर्नामेंट जीता था।
आर्थर ऐश स्टेडियम में वाइल्ड-कार्ड के तौर पर खेल रहे अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन ने पहले ही सेट से दबदबा बनाया। उन्होंने सेट को 6-4 के अंतर से जीता। दूसरा सेट 6-2 से जीतते हुए अपनी स्थिति और मजबूत की।
तीसरे सेट को 6-2 से अपने नाम करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। शेल्टन का अगला मुकाबला स्पेन के रॉबर्टो बाउतिस्ता अगुत से होगा, जिन्होंने कोर्ट 14 पर इटली के लुका नार्डी को हराया।
उन्होंने कहा- ‘मुझे यहां पहली बार खेले हुए 10 साल हो चुके हैं। यह मेरे लिए एक बहुत ही अहम क्षण है, मुझे इस कोर्ट पर मेरी सबसे बड़ी सफलता मिली थी। उस अजीब 2020 में, अजीब और अलग परिस्थितियों में। दुर्भाग्य से मुझे यह सफलता आप में से किसी के बिना मिली।
डिफेंडिंग चैंपियन नोवाक जोकोविच और एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने भी पहले दौर में अपने-अपने जीत लिए। सर्बियाई स्टार जोकोविच ने माल्डोवा के राडू अल्बोट को 6-2, 6-2, 6-4 से हराया। 2020 यूएस ओपन के उपविजेता जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अपने हमवतन मैक्सिमिलन मार्टेनर को 6-2, 6-7 (5-7), 6-3, 6-2 से हराया।
भारतीय स्टार सुमित नागल साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए हैं। उन्हें नीदरलैंड के टैलोन ग्रिकस्पूर ने 6-1, 6-3, 7-6 से हराया।