Trending

अमेरिकी ओपन : जीत से कोको गॉफ ने शुरू किया अभियान

मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ ने जीत हासिल करके अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताब का बचाव करने के अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। गॉफ ने पहले दौर के मैच में वरवरा ग्रेचेवा को 6-2, 6-0 से हराया। गॉफ हाल में खराब फॉर्म से जूझ रही थी, यहां उन्होंने शुरू से लेकर आखिर तक दबदबा बनाए रखा।

Al Bello/Getty Images

उन्होंने मैच के बाद कहा,‘‘पिछले कुछ सप्ताह मुश्किल भरे थे। मैं अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध थी, मुझे अपने अलावा किसी के सामने कुछ साबित नहीं करना है।

अमेरिकी ओपन में 2017 की चैंपियन स्लोएन स्टीफंस ने क्लारा ब्यूरेल के खिलाफ शुरुआती नौ गेम जीते, इसके बाद उनकी लय गड़बड़ा गई और उन्हें 0-6, 7-5, 7-5 से हार मिली।

महिला वर्ग में जिन अन्य वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाई उनमें इस महीने की शुरुआत में पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली सातवीं वरीयता प्राप्त झेंग क्विनवेन, ओलंपिक की रजत पदक विजेता और यहां 24वींं वरीयता प्राप्त डोना वेकिच, 12वीं वरीयता प्राप्त डारिया कसाटकिना और 14वीं वरीयता प्राप्त मैडिसन कीज़ शामिल है।

नौवीं वरीयता प्राप्त मारिया सककारी दाहिने कंधे में चोट के कारण एक सेट के बाद मैच से हट गई। पुरुष वर्ग में जिस वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को पहले दौर में हार मिली, वह 15वें वरीय होल्गर रूण थे, जिन्हें अमेरिका के ब्रैंडन नकाशिमा ने 6-2, 6-1, 6-4 से हराया।

पुरुष वर्ग में आगे बढ़ने वाले खिलाड़ियों में चौथी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव, छठी वरीयता प्राप्त एंड्री रुबलेव, आठवें वरीय कैस्पर रूड, नौवें वरीय और 2022 के उपविजेता ग्रिगोर दिमित्रोव तथा 12वीं वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज़ है।