Trending

इंपैक्ट खिलाड़ी नियम से खेल बना निष्पक्ष, बढ़ा रणनीति का महत्व : अश्विन

अनुभवी भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि आईपीएल में इंपैक्ट खिलाड़ी के नियम ने खेल को निष्पक्ष बनाया है और इससे रणनीति का महत्व बढा है।

साभार : गूगल

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने इस नियम की आलोचना की है, उनका मानना है कि इससे हरफनमौलाओं का विकास रूकेगा तथा गेंद और बल्ले के बीच संतुलन भी नहीं रहेगा। अश्विन ने भारत के पूर्व कप्तान कृष्णामाचारी श्रीकांत के तमिल यूट्यूब शो में कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि यह नियम उतना बुरा नहीं है, इससे रणनीति का महत्व बढता है।

एक क्रिकेट साइट ने शो के हवाले से कहा ,‘‘दूसरा पक्ष यह है कि इससे हरफनमौलाओं को प्रोत्साहन नहीं मिलता। उन्हें कौन रोक रहा है। इस पीढी में वे ऐसा नहीं करते हैं (बल्लेबाज गेंदबाजी करें या गेंदबाज बल्लेबाजी)।

उन्होंने कहा ,‘‘ इंपैक्ट खिलाड़ी का नियम उन्हें हतोत्साहित नहीं करता। वेंकटेश अय्यर को देखिये , वह लंकाशर के लिये शानदार प्रदर्शन कर रहा है। नये प्रयोग के लिये मौका है और इससे खेल निष्पक्ष बनता है। अश्विन ने कहा कि ओस होने पर इस नियम से खेल में संतुलन लाया जा सकता है।

उन्होंने कहा ,‘‘ जब ओस के कारण मैच एकतरफा हो जाते हैं तो बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम के पास जवाब में अतिरिक्त विकल्प रहता है। अगर आप बाद में बल्लेबाजी कर रहे हैं तो अतिरिक्त गेंदबाज की जगह बल्लेबाज को उतारा जा सकता है। इससे शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ियों को मौके मिले हैं।