Trending

यूपी टी-20 लीग : लखनऊ फालकन्स की दूसरी हार, पीयूष चावला ने नोएडा को दिलाई जीत

यूपी टी20 लीग में नोएडा सुपर किंग्स और लखनऊ फालकन्स के बीच मैच खेला गया। इस मैच में लखनऊ टीम के भुवनेश्वर कुमार फ्लॉप रहे, नोएडा के पीयूष चावला ने काफी बेहतरीन गेंदबाजी की।

@t20uttarpradesh

बारिश की वजह से मैच को 12-12 ओवरों का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट पर 100 रन बनाए। जवाब में नोएडा सुपर किंग्स ने इस लक्ष्य को आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। लखनऊ फालकन्स की यह लगातार दूसरी हार है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने आई लखनऊ फालकन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभय चौहान सिर्फ 1 ही रन बना सके। हर्ष त्यागी 8 ही रन बना पाए। समर्थ सिंह ने 21 गेंद पर 32 रन बनाए।

प्रियम गर्ग 14 गेंद पर 16 रन बनाकर चलते बने। कार्तिकेय सिंह 12 गेंद पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। एक भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाया। नोएडा से पीयूष चावला ने 3 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटके।

@t20uttarpradesh

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा सुपर किंग्स की बल्लेबाजी भी उतनी अच्छी नहीं रही। टीम लगातार अपने विकेट गंवाती रही। नोएडा ने 56 रन तक 4 विकेट गंवा दिए। कप्तान नितीश राणा फ्लॉप रहे और 8 गेंद पर सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए।

मोहम्मद शरीम ने 11 गेंद पर 20 रन बनाकर पारी को संभाल लिया। आखिरी 11 गेंद पर 21 रन चाहिए थे। प्रशांत वीर ने 9 गेंद पर नाबाद 16 और बॉबी यादव ने 7 गेंद पर नाबाद 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

आखिरी ओवर काफी रोमांचक हो गया था, नोएडा टीम ने किसी तरह आखिरी गेंद पर जाकतर मुकाबला अपने नाम कर लिया। लखनऊ के लिए भुवनेश्वर कुमार काफी महंगे रहे। उन्होंने अपने 2 ओवर में 28 रन दे दिए।