यूपी टी-20 लीग : विप्रज निगम ने झटके 5 विकेट, लखनऊ फाल्कन्स की पहली जीत
यूपी टी20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स ने गोरखपुर लायंस को 33 रन से हराया। लखनऊ ने बेहतरीन बल्लेबाजी से 20 ओवर में 5 विकेट पर 172 रन बनाए, जवाब में गोरखपुर 18.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 139 रन ही बना पाई।

लखनऊ फाल्कन्स ने मौजूदा सीजन में लगातार दो हार के बाद पहली जीत का स्वाद चखा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कान्स की शुरुआत खराब रही। ओपनर समर्थ सिंह अपना खाता भी नहीं खोल पाए और दूसरे ओवर में चलते बने।
हर्ष त्यागी कुछ कमाल नहीं कर पाए और 9 गेंद पर 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अभय चौहान ने 24 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के से 27 रन की पारी खेली। कप्तान प्रियम गर्ग ने 21 गेंद पर 23 रन का योगदान दिया।
लड़खड़ाती पारी को संभालने का काम कृतज्ञ सिंह ने किया। कृतज्ञ ने गिरते विकेटों के बीच अपनी धुआंधार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और टीम के स्कोर को समीर चौधरी के साथ मिलकर 170 के पार ले गए।
कृतज्ञ के बल्ले से 31 गेंद पर 69 रन की नाबाद पारी आई, जिसमें तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे। समीर ने नाबाद 26 रन बनाए। गोरखपुर लायंस के लिए अंकित राजपूत ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर लायंस की शुरुआत खराब रही और कप्तान ध्रुव जुरेल समेत दोनों ओपनर पहले दो ओवर में ही आउट हो गए। जुरेल ने 1 रन बनाया। अक्षदीप नाथ के बल्ले से 12 रन आए। आर्यन जुयाल ने अच्छी पारी खेली और उन्होंने 44 गेंद पर 62 रन बनाए।
सिद्धार्थ सरवन के बल्ले से 32 गेंद पर 39 रन आए। अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया और कोई भी टिककर नहीं खेल पाया इसी वजह से टीम अपने पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और उसे हार मिली। लखनऊ फाल्कन्स से विप्रज निगम ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने तीन ओवर में सिर्फ 12 रन खर्च किए और एक सफलता भी हासिल की।