Trending

पेरिस पैरालंपिक : 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में मनीष नरवाल की चांदी

भारतीय पैरालंपिक शूटर मनीष नरवाल ने पेरिस पैरालंपिक में पुरुषों के 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 फाइनल में रजत पदक हासिल किया। उन्होंने कुल 234.9 अंक हासिल किए और कोरिया के जोंगडू जो को कड़ी टक्कर दी, जिन्होंने कुल 237.4 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।

साभार : गूगल

मनीष ने 2020 के टोक्यो पैरालंपिक में मिश्रित एसएच1 50 मीटर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता था। एसएच1 शूटिंग कैटेगरी में हाथों, निचले शरीर में सीमित मूवमेंट या लिंब की अनुपस्थिति वाले एथलीट शामिल होते हैं।

मनीष स्टेज 1 बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। एक समय वह पदक की दौड़ से बाहर दिख रहे थे। मनीष ने स्टेज 2 शुरू होने के बाद शानदार प्रदर्शन किया और अपने अगले 4 शॉट्स में तीन 10+ स्कोर हासिल किए।

मनीष ने शानदार लय का प्रदर्शन किया और ओलंपिक रिकॉर्ड धारक व चीन के चाओ यांग को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। मनीष ने अंतिम 8 शॉट्स में केवल एक 10+ स्कोर किया, जिससे कोरिया के शूटर को आगे निकलने का मौका मिल गया।

अंततः, मनीष को दिन के रजत पदक से संतोष करना पड़ा। शुक्रवार को भारत शूटिंग में अभी तक तीन पदक जीत चुका है। यह पेरिस पैरालंपिक में दिन का चौथा पदक है। इससे पहले अवनि लेखरा ने स्वर्ण पदक जीता था, मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 में कांस्य पदक जीतकर पेरिस पैरालंपिक में भारत का पदक खाता खोला था।

अवनि लेखरा भारत की ऐसी पहली पैरा एथलीट बन गई हैं जिन्होंने दो पैरालंपिक गोल्ड मेडल जीते हैं। इसके अलावा भारत को एक मेडल एथलेटिक्स में मिला है। भारत की प्रीति पाल ने 14.21 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ ट्रैक इवेंट में पदक जीता। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय पैरा एथलीट बन गईं।