Trending

लखनऊ हॉकी लीग : लखनऊ हास्टल पुरुष वर्ग में विजेता, महिला वर्ग में उपविजेता

लखनऊ। लखनऊ स्पोर्ट्स हास्टल ने पिछली बार की कसक पूरी करते हुए लखनऊ हॉकी लीग में पुरुष वर्ग की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। लखनऊ हास्टल ने फाइनल में यूपी पुलिस को 3-1 से हराया।

महिला वर्ग में पिछली विजेता साई लखनऊ का खिताब पर कब्जा बरकरार

दूसरी ओर महिला वर्ग में साई लखनऊ ने खिताब का बचाव करते हुए 3-0 की जीत के साथ लखनऊ हास्टल की लड़कियों का खिताब जीतने का सपना तोड़ गया।

विजयंतखंड स्थित पद्मश्री मो.शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में पुरुष वर्ग के फाइनल में लखनऊ हास्टल ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए खिताब जीता। मैच का पहला गोल यूपी पुलिस से अमित यादव ने 13वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर दागा। हालांकि 2 मिनट बाद ही लखनऊ हास्टल से आकाश पाल ने बराबरी का गोल दागा।

इसके बाद लखनऊ हास्टल ने मैच पर अपनी पकड़ बना ली और आकाश पाल ने 17वें और सिद्धांत सिंह ने 59वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदला।

महिला वर्ग में पिछली विजेता साई ने लखनऊ हास्टल को एकतरफा 3-0 से हराया। फाइनल में साई लखनऊ की ओर से साक्षी शुक्ला ने 7वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर पर गोल दागा। इसके बाद साई की ओर से अर्चना भारद्वाज ने 26वें व पूजा यादव ने 58वें मिनट में गोल दागा। समापन समारोह में खेल निदेशक डा.आरपी सिंह ने पुरस्कार बांटे।