पैरालंपिक बैडमिंटन : नितेश, सुहास, सुकांत सेमीफाइनल में
भारतीय शटलर नितेश कुमार और सुकांत कदम ने शनिवार को पेरिस पैरालंपिक में अपने आखिरी ग्रुप मैचों में जीत दर्ज करने के बाद क्रमशः पुरुष एकल एसएल 3 और एसएल 4 श्रेणियों के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

पिछले साल चीन में एशियाई पैरा खेल में रजत पदक जीतने वाले एसएल 3 वर्ग के खिलाड़ी नितेश ने थाईलैंड के मोंगखोन बुनसुन को 21-13, 21-14 से हराकर तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया।
बुनसुन ने ग्रुप ए से दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। दोनों ग्रुप में शीर्ष दो स्थानों पर रहने वाले खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
इसी ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में टोक्यो पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार ने चीन के यांग जियानयुआन को 21-1, 21-11 से हराया। वह मनोज इससे पहले बुनसुन और नितेश से हारने के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गये थे।
पुरुष एकल एसएल4 वर्ग में सुकांत ने थाईलैंड के टीमारोम सिरीपोंग को 21-12, 21-12 से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया और हमवतन सुहास यतिराज के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। तीन खिलाड़ियों के ग्रुप में यह उनकी दूसरी जीत थी। सुकांत ने पिछले साल चीन में एशियाई पैरा खेल में कांस्य पदक जीता था।
उन्होंने इस मैच के बाद कहा, ‘‘यह मेरा पहला टूर्नामेंट है। मैं सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करके बहुत खुश हूं। मैं आज के खेल के लिए अच्छी तरह से तैयार था। पहला मैच इससे कहीं अधिक कठिन था। इस मुकाबले में मैं एक बार एक अंक हासिल करने पर ध्यान दे रहा था।
पुरुषों की एसएल4 प्रतियोगिता में चारों ग्रुप में से केवल शीर्ष खिलाड़ी ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं। इससे पहले मनदीप कौर ने पेरिस महिला एकल एसएल3 स्पर्धा में ऑस्ट्रेलिया की विनोट सेलीन ऑरेली को हराकर महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं मनीषा रामदास भी अंतिम आठ में पहुंच गई।
मनदीप ने अपनी ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ ग्रुप बी में अपना आखिरी मैच 21-23 21-10 21-17 से जीता। वह अपना पहला मैच नाइजीरिया की बोलाजी मरियम से हार गई थीं। उन्होंने तीन खिलाड़ियों के ग्रुप बी में दूसरा स्थान हासिल किया। मरियम ने ग्रुप में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इससे पहले शुक्रवार देर रात हुए मैच में सुहास यतिराज और पलक कोहली अपने शुरुआती मिश्रित युगल एसएल3 मुकाबले में हिकमत रामदानी और लीनी ओक्टिला की शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई जोड़ी से 11-21, 17-21 से हार गए।
एसएल3 मिश्रित युगल के एक अन्य मैच में नितेश कुमार और थुलासिमथी मुरुगेसन को फ्रांस के फॉस्टीन नोएल और लुकास मजूर से 22-24, 19-21 से हार मिली।
मिश्रित युगल में जीत नित्या सिवान सुमाथी और सिवाराजन सोलाईमलाई ने हासिल की। उन्होंने ग्रुप बी में थाईलैंड के नत्थापोंग मीचाई और चाई सेयांग को 21-7, 21-17 से हराया।