डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस पर साधा व्यक्तिगत निशाना, लगाए गंभीर आरोप

US Elections: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस पर निशाना साधा है. उन्होंने हैरिस को बेकार व्यक्ति कहा है.
US Elections 2024: अमेरिका में इस साल राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने वाले हैं. अमेरिका में भी जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी बढ़ गया है. इस बीच, राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अपनी प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस (Kamala Harris) पर व्यक्तिगत हमला किया. ट्रंप ने उन्हें दोषपूर्ण व्यक्ति कहा.
ट्रंप लंबे वक्त से हैरिस पर हमलावर
गैर लाभकारी संस्था (Non Profit Organisation) मॉम्स और लिबर्टी ने शुक्रवार को वार्षिक सभा का आयोजन किया था. ट्रंप ने वार्षिक सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने हैरिस के सीएनएन (CNN) को दिए इंटरव्यू पर टिप्पणी की. ट्रंप ने कहा कि अच्छा होता कि हैरिस अगर सिर्फ इंटरव्यू ही देतीं. क्योंकि अब सभी लोग देख रहे हैं कि वे बेकार हैं. अमेरिका को बेकार के इंसान की जरुरत नहीं है. ट्रंप लंबे वक्त से हैरिस पर निजी हमले कर रहे हैं. ट्रंप ने आगे कहा कि यदि वह सत्ता में आए तो महंगाई को काबू में करेंगे. देश में भ्रष्टाचार (Corruption) को भी मिटाया जाएगा. वे अभिव्यक्ति की रक्षा करेंगे.
ट्रंप बोले- हम मंहगाई को हराएंगे
पेसिल्वेनिया में ट्रंप ने एक रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि हम महंगाई को हराएंगे. अमेरिका को फिर से किफायती बनाने की ओर बढ़ेंगे. हम अपनी सीमाओं को सुरक्षित बनाने के लिए लड़ रहे हैं. हमें भ्रष्टाचार से लड़ना है, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बहाल करना है. हमें अमेरिका को दोबारा स्वास्थ्य बनाना है.
अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति पर उप राष्ट्रपति का तंज
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान, कमला हैरिस ने ट्रंप पर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ट्रंप देश में ऐसा माहौल बना रहे हैं, जो अमेरिकी के रूप में हमारे चरित्र को कमजोर कर रहा है. ट्रंप देश को बांट रहे हैं.