यूपी टी-20 लीग : डकवर्थ लुइस नियम से लखनऊ फाल्कन्स को मिली जीत
यूपी टी20 लीग का 14वां मैच रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावरिक्स और भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स के बीच खेला गया। इस मैच में रिंकू सिंह ने अपनी टीम के लिए तो अच्छी पारी खेली, बारिश की वजह से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया।

लखनऊ की टीम ने डकवर्थ लुइस नियम के हिसाब से मैच जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ टीम ने जब 11 ओवर में 1 विकेट पर 142 रन बना लिए थे, तभी बारिश आ गई। डकवर्थ लुइस नियम के हिसाब से लखनऊ को 11 ओवर में 154 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे उन्होंने आसानी के साथ 10.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ की शुरुआत काफी धुआंधार रही। सलामी बल्लेबाज अक्षय दूबे 17 गेंद पर 20 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। कप्तान रिंकू सिंह और स्वास्तिक चिकारा ने काफी जबरदस्त बैटिंग की। चिकारा ने 36 गेंद पर 4 चौके और 8 छक्के से नाबाद 75 रन बनाए।

रिंकू सिंह ने 12 गेंद पर 3 चौके और 4 छक्के से 39 रनों की पारी खेली। इसी वजह से टीम ने 11 ओवर में ही 142 रन बना दिए। बारिश की वजह से पूरे ओवर्स नहीं हो पाए। लखनऊ फाल्कन्स को यह मैच जीतने के लिए शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करनी थी और उन्होंने वैसा ही किया।
सलामी बल्लेबाजों ने धुआंधार शुरुआत दी और 6.3 ओवर में ही 95 रन बना दिए। हर्ष त्यागी ने 22 गेंद पर 6 चौके और 2 छक्के से 49 रन बनाए। समर्थ सिंह ने 27 गेंद पर 9 चौके और 4 छक्के से 69 रनों की पारी खेली।
इसी वजह से टीम ने आसानी के साथ एक गेंद शेष रहते ही यह मुकाबला जीता। मेरठ से जीशान अंसारी ने 2 विकेट जरूर लिए, उन्हें बाकी गेंदबाजों का साथ नहीं मिला।