पेरिस पैरालंपिक बैडमिंटन : नितेश कुमार ने भारत को दिलाया दूसरा स्वर्ण पदक
पेरिस पैरालंपिक में भारत का जलवा कायम है. बैडमिंटन में नितेश कुमार ने कमाल करते हुए गोल्ड मेडल जीता. नितेश ने पुरुष एकल एसएल3 बैडमिंटन फाइनल में कड़े मुकाबले में ब्रिटेन के डेनियल बेथेल को हराया.

29 वर्षीय नितेश ने अपने मजबूत डिफेंस और सही शॉट चयन के जरिए बेथेल को एक घंटे और 20 मिनट चले मुकाबले में 21-14 18-21 23-21 से हराया. साथ ही नितेश पेरिस पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के दूसरे एथलीट बन गए हैं.
शूटिंग में अवनी लेखरा ने गोल्ड जीता था. मनीष नरवाल ने सिल्वर, मोना अग्रवाल और रुबीना फ्रांसिस ने शूटिंग में मेडल जीता था. भारत का पेरिस पैरालंपिक में प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है. 2024 पैरालंपिक खेल में भारत की झोली में नौ मेडल आ चुके हैं, जिसमें 2 गोल्ड भी हैं.
पेरिस पैरालंपिक में नितेश ने पहली बार भाग लिया था. उन्होंने पहली बार में इतिहास रचा. उन्होंने गोल्ड पर बाजी मारी. नितेश पैरालंपिक की बैडमिंटन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के तीसरे खिलाड़ी बन गये हैं. इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत के प्रमोद भगत और कृष्णा नागर ने मेंस सिंगल्स कम्पटीशन में सोना जीता था.
नितेश ने 2009 में विशाखापट्टनम में एक रेल दुर्घटना में अपना बायां पैर खो दिया था. उस समय उनकी उम्र महज 15 साल थी. जल्द ही वो इस सदमे से उबर गए और पैरा बैडमिंटन को अपनाया. नितेश की जीत के साथ एसएल3 वर्ग का स्वर्ण पदक भारत के पास कायम रहा.