Trending

गठिया से पीड़ित साइना नेहवाल, खेल कॅरियर पर अब संशय

भारत की टॉप बैडमिंटन प्लेयर्स में से एक साइना नेहवाल को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। साइना बैडमिंटन में ओलंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं।

साभार : गूगल

उन्होंने लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता और भारत के लिए दो विश्व चैंपियनशिप मेडल भी जीते हैं। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि वह गठिया से जूझ रही हैं, जिससे नियमित अभ्यास करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

यह स्थिति उन्हें इस साल के अंत तक खेल में अपने भविष्य पर निर्णय लेने के लिए मजबूर कर सकती है। गगन नारंग के ‘हाउस ऑफ ग्लोरी’ पॉडकास्ट पर बातचीत में साइना ने बताया कि मेरे घुटने की हालत ठीक नहीं है।

मुझे गठिया है। मेरी कार्टिलेज खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि इन परिस्थितियों में आठ से नौ घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम बनाए रखना कठिन है। उन्होंने कहा कि टॉप खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करने के लिए दो घंटे का अभ्यास काफी नहीं है।

उन्होंने बताया कि वह अभी भी इस बात पर विचार कर रही हैं कि रिटायरमेंट का उनके जीवन पर क्या असर होगा। उन्होंने माना कि आखिरकार फैसला तो लेना ही होगा। उन्होंने आखिरी बार एक साल पहले सिंगापुर ओपन में हिस्सा लिया था, जहां वह पहले ही दौर में बाहर हो गई थीं। इसके अलावा साइना भाजपा की सदस्य हैं।

करियर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं रिटायर होने के बारे में सोच रही हूं। यह दर्दनाक होगा क्योंकि यह एक आम आदमी की नौकरी की तरह है। उन्होंने नौ साल की उम्र में खेलना शुरू किया था और अगले साल 35 साल की हो जाएंगी। चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने लंबे करियर और उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ओलंपिक में खेलना कई एथलीटों का बचपन का सपना होता है। उन्होंने कहा कि आप उस स्तर तक पहुंचने के लिए सालों तक तैयारी करते हैं। तीन ओलंपिक में भाग लेना और हर एक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना उनके लिए बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है।

साइना ने कहा कि मैंने बहुत मेहनत की है। बैडमिंटन में उनके भविष्य के बारे में फैसला इस बात पर निर्भर करता है कि इस साल के अंत तक वह कैसा महसूस करती हैं। साइना अपनी स्थिति और विकल्पों का आकलन कर रही हैं, फैंस भी साइना से अपडेट का इंतजार कर रहे हैं, जिन्होंने भारतीय बैडमिंटन में अपना अहम योगदान दिया है।