दलीप ट्रॉफी में ऋषभ पंत के लिए अलग तरह की चुनौती
दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद पहली बार लंबी अवधि के फॉर्मेट में लौट रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत गुरुवार से बेंगलुरु और अनंतपुर में शुरू होने वाले दलीप ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में आकर्षण का केंद्र होंगे।

पंत ने चोटों से ठीक होने के बाद सीमित ओवरों की क्रिकेट में सफल वापसी की, वह लंबी अवधि के फॉर्मेट में नहीं खेले हैं। उन्होंने लाल गेंद से अपना अंतिम मैच दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था।
अब वह अभिमन्यु ईश्वरन की अगुवाई वाली टीम बी की तरफ से मैदान पर उतरेंगे जिसका मुकाबला यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम ए से होगा।
सीमित ओवरों की क्रिकेट में वापसी करने में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, यह चार दिवसीय टूर्नामेंट उनके लिए अलग तरह की चुनौती पेश करेगा क्योंकि उन्हें विकेटकीपर और बल्लेबाज के रूप में लंबा समय मैदान पर बिताना पड़ सकता है।
भारत के टेस्ट क्रिकेट में व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति इस विकेटकीपर बल्लेबाज को लेकर कितनी गंभीर है। चयन समिति के लिए विकेटकीपर का चयन करना आसान नहीं होगा, कुछ अन्य मजबूत दावेदार भी हैं। इनमें टीम ए की तरफ से खेलने वाले ध्रुव जुरेल भी है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपनी डेब्यू सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।
ईशान किशन भी हैं जो श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम डी के विकेटकीपर हैं। टीम डी का मुकाबला अनंतपुर में टीम सी से होगा जिसकी कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ के हाथों में है। चयन समिति तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज के विकल्प तलाशने पर ध्यान देगी। सिराज अस्वस्थ होने के कारण टूर्नामेंट के पहले दौर में नहीं खेल पाएंगे, शमी ऑपरेशन के बाद पूरी तरह से फिट नहीं हैं।
चयनकर्ता बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाशदीप पर नजर रखेंगे। अर्शदीप सिंह, अवेश खान, खलील अहमद, विदवथ कावेरप्पा, वैसाख विजयकुमार और हर्षित राणा चयन समिति को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे।
टीम :
भारत ए: शुभमन गिल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), केएल राहुल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, तनुश कोटियन, कुलदीप यादव, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, अवेश खान, विदवथ कावेरप्पा , कुमार कुशाग्र, शास्वत रावत
भारत बी: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, सरफराज खान, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), मुशीर खान, नितीश कुमार रेड्डी (फिटनेस के आधार पर), वाशिंगटन सुंदर, नवदीप सैनी, यश दयाल, मुकेश कुमार, राहुल चाहर, आर साई किशोर, मोहित अवस्थी, एन जगदीसन
भारत सी: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, बी इंद्रजीत, रितिक शौकीन, मानव सुथार, गौरव यादव, विशाक विजयकुमार, अंशुल खंबोज, हिमांशु चौहान, मयंक मारकंडे, आर्यन जुयाल , संदीप वारियर
भारत डी: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अथर्व तायडे, यश दुबे, देवदत्त पडिक्कल, इशान किशन (विकेटकीपर), रिकी भुई, सारांश जैन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, आदित्य ठाकरे, हर्षित राणा, तुषार देशपांडे, आकाश सेनगुप्ता, केएस भरत, सौरभ कुमार