सुब्रतो कप जूनियर फुटबॉल टूर्नामेंट : आईपीएससी के खिलाफ मिनर्वा स्कूल की जीत
63वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल जूनियर बॉयज फुटबॉल टूर्नामेंट में मिनर्वा पब्लिक स्कूल ने दूसरी जीत हासिल कर ली है। सीआईएससीई का प्रतिनिधित्व कर रही टीम मिनर्वा ने आईपीएससी को 8-0 से हराया। चोंगलोई और थियाम ने टीम की जीत में 2-2 गोल दागे।

इस मैच में मिनर्वा स्कूल का आक्रामकता के साथ आगाज किया। टीम को पहला गोल चोंगलोई ने तीसरे मिनट में दिलाया और दानिश ने 9वें मिनट में लीड में इजाफा करते हुए स्कोर को 2-0 कर दिया।
किलोंग को 19वें मिनट में सफलता मिली और 35वें मिनट में चोंगलोई ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर 4-0 कर दिया। ये उनका दूसरा गोल था। पहले हाफ का अंत इसी स्कोर के साथ हुआ और मिनर्वा स्कूल ने जीत का दावा पेश कर दिया।
दूसरे हाफ में आईपीएससी की टीम ने बदलाव तो किए, लेकिन मिनर्वा ने कुछ नहीं बदला। वे आक्रामकता के साथ खेलते रहे। 36वें मिनट में राज ने टीम का 5वां गोल किया और फिर 55वें मिनट में अजलान ने स्कोर शीट पर नाम दर्ज कराया।
मिनर्वा के स्टार कहे जाने वाले थियाम ने अंतिम समय में दो गोल करते हुए टीम की जीत पर मुहर लगा दी। उन्होंने 67वें और 70वें मिनट में गोल दागकर टीम को 8-0 से जीत दिलाई।
सुब्रतो कप में मिनर्वा पब्लिक स्कूल एक बड़ी ताकत के रूप में सामने आया है। टीम का अटैक दोनों मुकाबलों में हावी रहा और डिफेंस ने किसी को गोल करने का अवसर नहीं दिया। टीम के पास दो क्लीन शीट है। मिनर्वा ने अब तक खेले दो मुकाबलों में 14 गोल किए हैं और एक भी गोल उनके खिलाफ नहीं हुआ है।