Trending

डायमंड लीग फाइनल के लिए नीरज चोपड़ा क्वालीफाई

13 और 14 सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में नीरज चोपड़ा ने अपनी जगह पक्की कर ली है। ज्यूरिख डायमंड लीग के बाद नीरज 14 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे। ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 29 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे, जर्मनी के जूलियन वेबर 21 अंकों के साथ दूसरे और चेक गणराज्य के जैकब वडलेज 16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

साभार : गूगल

मोल्दोवा के एंड्रियन मार्डेरे (13 अंक) और जापान के रोडरिक जेनकी डीन (12 अंक) टॉप-6 में अन्य खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ब्रुसेल्स में स्थान पक्का किया। पेरिस ओलंपिक में 92.97 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीतने वाले पाकिस्तान के अरशद नदीम पांच अंक के साथ बाहर हो गए।

नीरज ने इस सीजन में डायमंड लीग के सिर्फ दो संस्करणों में भाग लिया है। इस साल की शुरुआत में, मई में, उन्होंने दोहा में 88.86 मीटर भाला फेंका और जैकब के बाद दूसरे स्थान पर रहे, जो भारतीय एथलीट से सिर्फ़ 0.02 मीटर आगे थे।

लुसाने में, नीरज ने फिर से 89.49 मीटर भाला फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया, जो उनके इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रयास था। पेरिस ओलंपिक में सिल्वर और टोक्यो में गोल्ड जीतने वाले नीरज 90 मीटर की थ्रो की तलाश में हैं। नीरजन ने कई बार 89 मीटर का मार्क पार किया है, मगर वह एक भी बार 90 मीटर तक भाला नहीं फेक पाएं हैं।

पेरिस में क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने 89.34 मीटर का शानदार थ्रो किया और 84 मीटर के क्वालिफिकेशन मार्क को आसानी से पार कर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल में नीरज का प्रदर्शन कमजोर दिखा, 89.45 मीटर के थ्रो के साथ उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया।

जहां तक डायमंड लीग में हिस्सा लेने की बात है तो नीरज 2022 में ज्यूरिख में शीर्ष पर रहे थे। इसके बाद उन्होंने 2023 में यूजीन में दूसरा स्थान हासिल किया। अब फोकस नीरज और ब्रुसेल्स में उनके प्रदर्शन पर रहेगा।