यूटीटी 2024 : हरमीत देसाई का कमाल, एथलीड गोवा चैलेंजर्स ने फिर जीता खिताब
चेन्नई : हरमीत देसाई और यांगजी लियू की अगुआई में एथलीड गोवा चैलेंजर्स ने शनिवार को जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में इंडियनऑयल अल्टीमेट टेबल टेनिस 2024 के रोमांचक फाइनल में 2018 की चैंपियन दबंग दिल्ली टीटीसी को 8-2 से हराकर अपने खिताब की सफलतापूर्वक रक्षा करने वाली पहली टीम बनकर इतिहास रच दिया।
दबंग दिल्ली टीटीसी को 8-2 से हराया
हरमीत और यांगजी दोनों ने मिश्रित युगल में जीत हासिल करने से पहले अपने-अपने एकल मैच जीते और एथलीड गोवा चैलेंजर्स के लगातार दूसरे खिताब की ओर ऐतिहासिक कदम बढ़ाने में मदद की। फ्रेंचाइजी आधारित लीग को टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में नीरज बजाज और वीटा दानी द्वारा प्रमोट किया जाता है।
हरमीत देसाई मुकाबले के भारतीय खिलाड़ी, यांगजी लियू को चुना गया टाई का विदेशी खिलाड़ी
इंडियनऑयल यूटीटी 2024 का सीधा प्रसारण स्पोर्ट्स18 खेल पर किया गया और इसे जियोसिनेमा (भारत) और फेसबुक लाइव (भारत के बाहर) पर ऑनलाइन स्ट्रीम किया गया।
हरमीत को टाई का भारतीय खिलाड़ी चुना गया, जबकि यांगजी को टाई का विदेशी खिलाड़ी चुना गया। पूरे सीजन में अपराजित रहने वाली यांगजी ने लीग की सबसे मूल्यवान (एमवीपी) महिला खिलाड़ी का खिताब भी अपने नाम किया।

साथियान ज्ञानसेकरन को पुरुषों में एमवीपी चुना गया। पीबीजी बेंगलुरु स्मैशर्स के अल्वारो रॉबल्स ने इंडियनऑयल सुपर सर्वर ऑफ द लीग का खिताब अपने नाम किया।
दफान्यूज शॉट ऑफ द लीग का पुरस्कार अचंता शरत कमल को मिला, जबकि एसीटी फाइबरनेट फास्टेस्ट रैली ऑफ द लीग का पुरस्कार लिली झांग और यशिनी शिवशंकर को मिला।
लियू ने लीग की सबसे मूल्यवान (एमवीपी) महिला खिलाड़ी का खिताब भी अपने नाम किया
दफान्यूज शॉट ऑफ द लीग का पुरस्कार अचंता शरत कमल को मिला, जबकि एसीटी फाइबरनेट फास्टेस्ट रैली ऑफ द लीग का पुरस्कार लिली झांग और यशिनी शिवशंकर को दिया गया। यह एथलीड गोवा चैलेंजर्स के लिए एक नाटकीय सीजन का समापन था। गत चैंपियन ने सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की थी, क्योंकि उन्हें लीग चरण में चौथे स्थान पर रहने से पहले कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी।
हालांकि, शनिवार के खिताबी मुकाबले में उन्होंने शुरुआत से ही सभी तरह से तैयार होकर हमला किया और दबंग दिल्ली टीटीसी पर दबाव बनाया। हरमीत ने पहले पुरुष एकल में साथियान ज्ञानसेकरन पर 2-1 (6-11, 11-9, 11-6) से जीत दर्ज करके एथलीड गोवा चैलेंजर्स को शुरुआती बढ़त दिलाई।
इसके बाद यांगजी ने पहले महिला एकल में ओरावन परानांग को 3-0 (11-2, 11-10, 11-9) से हराकर गत चैंपियन की बढ़त बढ़ा दी। ऑस्ट्रेलिया की स्टार के लिए यह मीठा बदला था क्योंकि उसने लीग चरण के दौरान ओरावन से अपनी हार का बदला लिया।
फिर यांगजी और हरमीत ने एथलीड गोवा चैलेंजर्स को लगातार दूसरे खिताब के करीब पहुंचा दिया। उन्होंने ओरावन और साथियान की दबंग दिल्ली टीटीसी जोड़ी को एक कड़े मिश्रित युगल मुकाबले में 2-1 (9-11, 11-8, 11-9) से हराया।
गोवा स्थित इस फ्रेंचाइजी को खिताब जीतने के लिए बस एक और गेम जीतने की जरूरत थी और फिर मिहाई बोबोसिका ने दूसरे पुरुष एकल में एंड्रियास लेवेंको को 1-0 (11-7) से हराकर औपचारिकताएं पूरी कीं, जो इस सीजन का आखिरी गेम साबित हुआ।
ग्रैंड फिनाले में इंडियनऑयल यूटीटी की चेयरपर्सन वीटा दानी और को-प्रमोटर नीरज बजाज के साथ-साथ भारत के स्टार टेबल टेनिस युगल कमलेश मेहता (टीटीएफआई के महासचिव) और अर्जुन पुरस्कार विजेता मोनालिसा मेहता (सदस्य, एमओसी), शतरंज के दिग्गज विश्वनाथन आनंद, पांच बार के विश्व चैंपियन पीटर कार्लसन, रितेश संघवी, एसीटी फाइबरनेट (तमिलनाडु के बिजनेस हेड), एम सुधाकर (ईडी क्षेत्रीय सेवाएं-दक्षिण, इंडियनऑयल), संदीप शर्मा (ईडी, सीसी और ब्रांडिंग इंडियनऑयल), एम अन्नादुरई (ईडी और राज्य प्रमुख, तमिलनाडु और पुडुचेरी) और नीरव बजाज, यूटीटी शामिल हुए।
विस्तृत स्कोर
एथलीट गोवा चैलेंजर्स ने दबंग दिल्ली टीटीसी को 8-2 से हराया
हरमीत देसाई ने साथियान ज्ञानसेकरन को 2-1 (6-11, 11-9, 11-6) से पराजित किया
यांगजी लियू ने ओरावन परानांग को 3-0 (11-2, 11-10, 11-9) से हराया
हरमीत देसाई/यांगजी लियू बनाम साथियान ज्ञानसेकरन/ओरावान परानांग को 2- 1 (9-11, 11-8, 11-9) से मात दी
मिहाई बोबोसिका ने एंड्रियास लेवेंको को 1-0 (11-7) से हराया।