इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर मोईन अली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा विदा
इंग्लैंड टीम के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी मोईन अली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे और टी-20 मैचों की सीरीज के लिए मोईन का चयन नहीं हुआ था।

मोईन पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे, एशेज सीरीज के दौरान उनकी वापसी हुई थी। उन्होंने इंटरव्यू में कहा, “मैं 37 साल का हूं और इस महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए मुझे नहीं चुना गया। मैंने इंग्लैंड के लिए काफी क्रिकेट खेला है। अब अगली पीढ़ी के लिए समय आ गया है, जिसके बारे में मुझे बताया गया। मुझे लगा कि यह सही समय है। मैंने अपना काम कर दिया है।
इस खिलाड़ी ने साल 2014 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। मोईन ने आगे कहा, “मुझे गर्व है, जब आप पहली बार इंग्लैंड के लिए खेलते हैं तो आपको नहीं पता होता कि आपको कितने मैच खेलने हैं।
मैं लगभग 300 मैच खेला। मेरे शुरुआती कुछ साल टेस्ट क्रिकेट के इर्द-गिर्द थे। जब मोर्गन (इयोन मोर्गन) ने वनडे क्रिकेट की कमान संभाली तो यह और मजेदार हो गया। टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट था।
मोईन आगे फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलते रहेंगे। इसके बाद वह कोचिंग के लिए अपना ध्यान लगाएंगे। मोईन ने पहला टेस्ट साल 2014 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 68 टेस्ट की 118 पारियों में 8 बार नाबाद रहते हुए 3,094 रन बनाए। उनकी औसत 28.12 की रही।
उन्होंने 5 शतक और 15 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 155* रन रहा। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 37.31 की औसत से 204 विकेट लिए। उन्होंने 13 बार 4 विकेट हॉल और 5 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/53 का रहा।
मोईन ने अपना पहला वनडे मुकाबला साल 2014 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 138 मैच की 112 पारियों में 15 बार नाबाद रहते हुए 24.27 की औसत से 2,355 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 शतक और 6 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128 रन रहा।
गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 138 मैच में 47.84 की औसत से 111 विकेट झटके। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल लिए और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/46 का रहा। मोईन ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही खेला था।
उन्होंने इंग्लैंड के लिए 92 मुकाबलों की 75 पारियों में 17 बार नाबाद रहते हुए 21.18 की औसत से 1,229 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 72* रन रहा।
उन्होंने 92 मैच में 27.13 की औसत से 51 विकेट भी अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/24 का रहा था। साल 2019 में पहली बार इंग्लैंड टीम वनडे विश्व कप अपने नाम की थी। मोईन इस टीम के सदस्य थे। साल 2022 में जोस बटलर की कप्तानी में टी-20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लैंड टीम का हिस्सा मोईन रहे थे।