‘हम दोस्तों के बारे में सोचते हैं तो भारत लिस्ट में सबसे ऊपर’, इंडिया विजिट से पहले बोलीं अमेरिकी शीर्ष अधिकारी

अमेरिकी की एक शीर्ष अधिकारी ने भारत को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका दोस्तों के बारे में सोचता है तो भारत का नाम उस सूची में सबसे ऊपर है.

अमेरिका की एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि अमेरिका स्वास्थ्य, स्वच्छ उर्जा और जलवायु परिवर्तन सहित अन्य प्रमुख वैश्विक समस्याओं के समाधान के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए इच्छुक है. उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका जब भी दोस्तों के बारे में सोचता है तो भारत का नाम लिस्ट में सबसे ऊपर रहता है. यूएस इंटरनेशनल डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन (डीएफसी) की डिप्टी सीईओ निशा देसाई बिस्वाल की ने यह टिप्पणी की है. वे जल्द ही भारत का दौरा करने वाली हैं. बता दें, डीएफसी अमेरिका की विकास वित्त संस्था और एजेंसी है. बता दें, बिस्वाल की चार दिवसीय यात्रा मंगलवार से शुरू होगी.

इन क्षेत्रों में काम करना चाहता है

बिस्वाल ने कहा कि यह इस बारे में बिल्कुल नहीं है कि भारत को कैसे मदद की जरूरत है बल्कि यह इस बारे में है कि अमेरिका और भारत कैसे साथ मिलकर समस्याओं का समाधान कर सकते हैं. बिस्वाल ने बताया कि भारत और अमेरिका साथ मिलकर कई क्षेत्रों में काम कर सकते हैं, जैसे- जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को नियंत्रित करने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने जैसे क्षेत्र शामिल हैं. 

भारत में सबसे अधिक निवेश

बिस्वाल ने कहा कि भारत न सिर्फ महामारी को रोकने में अमेरिका का महत्वपूर्ण भागीदार रहा, बल्कि वैश्विक स्तर वैक्सीन की आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. बाइडन प्रशासन के दौरान डीएफसी ने भारत में भारी निवेश किया है. उन्होंने आगे कहा कि भारत सबसे बड़ा देश है, जिसमें डीएफसी निवेश कर रहा है. 

जानें कौन हैं निशा देसाई

निशा देसाई बिस्वाल भारतीय मूल की अधिकारी हैं. बिस्वाल दक्षिण और मध्य एशिया के साथ रिश्तों को मजबूत करने के लिए काम कर रही हैं. वे सहायक विदेश मंत्री और यूएस इंडिया बिजनेस काउंसिल के प्रमुख के रूप में भी काम कर चुकी हैं. उन्होंने भारत और अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है.