Trending

2029 तक मोहन बागान के गोलकीपर रहेंगे विशाल कैथ

मोहन बागान ने इंडियन सुपर लीग के आगामी सत्र से पहले अपने गोलकीपर विशाल कैथ का अनुबंध 2029 तक बढ़ाने की घोषणा की।  कैथ (28 वर्ष) 2022 में चेन्नईयिन एफसी से बागान की टीम में शामिल हुए थे और आईएसएल में सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए ‘गोल्डन ग्लव’ विजेता बने।

@mohunbagansg

कैथ ने मोहन बागान को पिछले सत्र में लीग विनर्स शील्ड जीतने और एएफसी चैंपियंस लीग टू के लिए क्वालीफाई करने में अहम भूमिका निभाई, जिसे पहले एएफसी कप के रूप में जाना जाता था।

कैथ को हाल ही में संपन्न डूरंड कप में गोल्डन ग्लव से सम्मानित किया गया था, जहां उन्होंने मोहन बागान की फाइनल तक की यात्रा में अहम भूमिका निभाई थी।

हिमाचल प्रदेश के रोहरू के इस खिलाड़ी ने जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैं जीवन भर मोहन बागान के लिए खेलना चाहता हूं। मुझे अन्य टीमों से आकर्षक प्रस्ताव मिले लेकिन प्रशंसकों के प्यार और स्नेह के कारण मेरे लिए इस क्लब को छोड़ने का विचार करना असंभव हो गया। इसलिए मैंने क्लब के साथ दीर्घकालिक अनुबंध किया है।

मोहन बागान एसजी को एएफसी चैंपियंस लीग टू में ग्रुप ए में ताजिकिस्तान के रावशन कुलोब और एशियाई की मजबूत टीमों में शामिल कतर के अल-वकरा एससी और ईरान के ट्रैक्टर एफसी के क्लबों के साथ रखा गया है।

टीम दो अक्टूबर को ट्रैक्टर के खिलाफ मुकाबले के लिए यात्रा करने से पहले 18 सितंबर को घरेलू मैदान पर रावशन के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।