बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए टीम इंडिया में लौटे ऋषभ पंत
बांग्लादेश टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम की घोषणा हो गयी है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली 16 सदस्यीय टीम में केएल राहुल और ऋषभ पंत की वापसी हुई है। बता दें कि पंत 21 महीने बाद टेस्ट में खेलने के लिए तैयार हैं।

तेज गेंदबाज यश दयाल को टीम में मौका मिला है। बांग्लादेश टीम 19 सितंबर से चेन्नई में सीरीज का पहला टेस्ट खेलेगी। 27 सितंबर से कानपुर में सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट खेला जाना है।
साल की शुरुआत में इंग्लैंड सीरीज के दौरान डेब्यू करने वाले आकाश दीप टीम में अपनी जगह पक्की करने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने इंडिया-A के लिए इंडिया-B के खिलाफ दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में कुल 9 विकेट लिए।
राहुल और पंत दोनों ने दलीप ट्रॉफी मुकाबले में अर्धशतक बनाए। राहुल ने इंडिया-A के लिए 37 और 57 रन बनाए, पंत ने इंडिया-B के लिए 7 और 61 रन के स्कोर किए। दयाल का घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 24 प्रथम श्रेणी मैचों में 28.89 की औसत से 76 विकेट लिए हैं।

उन्होंने दलीप ट्रॉफी के पहले मुकाबले में कुल 4 विकेट (1/39 और 3/50) चटकाए थे। पंत की वापसी के बावजूद ध्रुव जुरेल को टीम में बरकरार रखा गया है। इस युवा विकेटकीपर ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और 3 टेस्ट मैचों में 190 रन बनाए थे।
रजत पाटीदार, केएस भरत, देवदत्त पडिक्कल, वाशिंगटन सुंदर और मुकेश कुमार जैसे खिलाड़ियों को टीम में मौका नहीं मिला है। इनके अलावा श्रेयस अय्यर भी टीम में नहीं चुने गए हैं। बता दें कि अय्यर ने दलीप ट्रॉफी के अपने पहले मुकाबले में अर्धशतक भी लगाया था। हाल ही में इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अजिंक्य रहाणे को टीम में जगह नहीं मिली है।
पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, सरफराज खान, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह और यश दयाल