Trending

एक दशक बाद टेस्ट में श्रीलंका पड़ा भारी, इंग्लैंड को आठ विकेट से हराया

श्रीलंका टीम ने तीसरे और आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड को 8 विकेट से हराया। जीत के लिए मिले 219 रन के लक्ष्य को श्रीलंकाई टीम ने मैच के चौथे दिन हासिल किया। श्रीलंका से दूसरी पारी में पथुम निसांका ने शतक (127)  लगाया। इस हार के बावजूद इंग्लिश टीम ने 3 मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।

@Getty Images

इंग्लैंड ने ओली पोप (154) और बेन डकेट (86) की पारियों से 325 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका से कप्तान धनंजय डी सिल्वा (69), निसांका (64) और कामिंदु मेंडिस (64) के अर्धशतकों से 263 रन बनाए थे।

पहली पारी के आधार पर बढ़त बनाने वाली इंग्लिश टीम दूसरी पारी में जेमी स्मिथ (67) के अर्धशतक के बावजूद 156 रन पर ढेर हुई। अंत में 219 रन के लक्ष्य को श्रीलंकाई टीम ने हासिल किया। पोप ने पहली पारी में 156 गेंदों पर 154 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का 7वां शतक रहा।

वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपने पहले 7 शतक अलग-अलग देशों के खिलाफ जड़े हैं। उनसे पहले कोई भी टेस्ट बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाया था। पोप ने पहला शतक दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ लगाया था। इसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, भारत, वेस्टइंडीज और अब श्रीलंका के खिलाफ शतक जड़ा है।

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज डकेट अपने टेस्ट करियर के चौथे शतक से चूक गए। उन्होंने 79 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों से 86 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का 10वां अर्धशतक अर्धशतक रहा। हालांकि, वह अपनी दूसरी पारी में कमाल नहीं कर सके और 7 रन बनाकर आउट हुए।

उन्होंने 26 टेस्ट की 49 पारियों में 39.73 की औसत के साथ 1,828 रन बनाए हैं। जीत के लिए मिले 219 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए निसांका ने अपनी दूसरी पारी में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने तेजी से रन बटोरते हुए तीसरे दिन के दौरान 42 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया।

मैच के चौथे दिन के पहले सत्र के दौरान उन्होंने 107 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। उन्होंने पहली पारी में 51 गेंदों पर 64 रन की पारी खेली थी। श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में नौवीं जीत दर्ज की है। श्रीलंका ने इंग्लिश टीम के खिलाफ एक दशक के बाद कोई टेस्ट जीता है। इससे पहले 2014 में हेडिंग्ले टेस्ट में श्रीलंका ने 100 रन से जीत हासिल की थी।

तीसरे टेस्ट के दौरान अनुभवी सलामी बल्लेबाज दिमुथ करुणारत्ने ने 7,000 टेस्ट रन पूरे किए। वह इस आंकड़े को छूने वाले श्रीलंका के चौथे बल्लेबाज बने। उन्होंने तीसरे दिन के दौरान यह उपलब्धि हासिल कर ली। करुणारत्ने ने पहली पारी में 9 रन और दूसरी पारी में 8 रन बनाए।

वे टेस्ट करियर में केवल कुमार संगाकारा (12,400), महेला जयवर्धने (11,814) और एंजेलो मैथ्यूज (7,766) जैसे श्रीलंकाई दिग्गजों से पीछे हैं।