श्रीनगर आतंकी हमले में घायल युवती ने दम तोड़ा, मरने वालों की संख्या हुई दो

श्रीनगर। श्रीनगर के अमीरा कदल इलाके में रविवार को हुए आतंकी हमले में घायल युवती ने सोमवार को एसएमएचएस में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अमीरा कदल ग्रेनेड धमाके में उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। युवती की पहचान राफिया (19) पिता नजीर अहमद टिंडा निवासी हजरतबल, श्रीनगर के रूप में हुई है। इससे पहले इस हमले में घायल मोहम्मद असलम मकदूमी (64) की रविवार को मौत हो गई थी। इसके साथ ही इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। 23 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
एसएमएचएस अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. कमलजीत सिंह ने कहा है कि राफिया ने आज सुबह आखिरी सांस ली। उसके सिर पर गंभीर चोट थी। इस हमले में एक पुलिसकर्मी सहित करीब 24 लोग घायल हुए थे।
डीआईजी सुजीत कुमार के मुताबिक आतंकी हमले में अधिकांश स्थानीय लोग ही घायल हुए हैं। हमलावर आतंकियों को पकड़ने के लिए आसपास के सीसीटीवी के फुटेज देखे जा रहे हैं।