प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंची ममता बनर्जी, कहा- मैं आपके विरोध को सलाम करती हूं

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुंची. इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आपके विरोध का सम्मान करती हूं.
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुआ रेप-मर्डर कांड सुर्खियों में हैं. मामले में 33 दिनों से प्रदर्शन हो रहा है. इस बीच शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि मैं आपके विरोध को सलाम करती हूं, मैं भी छात्र नेता थी.
उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि मेरी पोस्ट नहीं आप लोगों की पोस्ट बड़ी है. मैं शुक्रवार रात से सो नहीं पाई हूं. आप सब ने बरसात में विरोध प्रदर्शन किया. आपने बहुत तकलीफ उठाई है. आप प्रदर्शन खत्म करना चाहते हैं तो मैं अपने अधिकारियों से बात करूंगी और आपकी मांगों के बारे में विचार करुंगी. मैं सीबीआई से कहूंगी कि आरोपी को फांसी दे. अगर आप काम पर लौटना चाहते हैं तो मैं वादा करती हूं कि आपकी मांगों पर विचार करुंगीं. बस आप मुझे कुछ समय दे दें.
सीएम ने दो दिन पहले इस्तीफे को लेकर यह बोला
दो दिन पहले, ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इस दौरान वे काफी इमोशन्ल दिख रहीं थीं. इस दौरान उन्होंने कहा था कि मैंने प्रदर्शनकारी डॉक्टर से बातचीत करने की हर संभव कोशिश की. उनका तीन दिन तक इंतजार किया, लेकिन वो नहीं आए. मैं उनसे काम पर लौटने का अनुरोध करती हूं. मैं बंगाल के लोगों से माफी मांगती हूं, मुझे उम्मीद थी कि आरजी कर गतिरोध खत्म हो जाएगा. मैं डॉक्टर्स के आंदोलन का सम्मान करती हूं. मैं लोगों को न्याय और इलाज मिले सके इसके लिए पद छोड़ने को भी तैयार हूं, लेकिन वे न्याय नहीं चाहते हैं, वे केवल सत्ता चाहते हैं. मैं न्याय के लिए पद छोड़ने को तैयार हूं.’
यह है पूरा मामला
बता दें, आठ और नौ अगस्त की रात को राजधानी कोलकाता के लाल बाजार स्थित मेडिकल कॉलेज में जूनियर महिला डॉक्टर के साथ रेप किया गया. रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई. नौ अगस्त की सुबह मेडिकल कॉलेज की छत पर उसका अर्धनग्न शव मिला. शव के पास ही उसका फोन और लैपटॉप पड़ा हुआ था. पीएम रिपोर्ट के बाद महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई. पुलिस ने केस दर्ज किया और मामले में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया.