दलीप ट्रॉफी : भारत सी के गेंदबाज अंशुल कंबोज की शानदार गेंदबाजी
कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन की 143 रन की नाबाद पारी से भारत सी के खिलाफ भारत बी का संघर्ष जारी है जिसने दलीप ट्रॉफी मैच के तीसरे दिन शनिवार को पहली पारी में सात विकेट पर 309 रन बना लिये।

भारत सी के लिए अंशुल कंबोज ने 23.5 ओवर में 66 रन देकर पांच विकेट झटके। भारत सी ने पहली पारी में 525 रन बनाये थे। भारत बी अब भारत सी से 216 रन पीछे है। टीम को फॉलोऑन बचाने के लिए और 66 रन की जरूरत है।
भारत बी टीम ने दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 124 रन से आगे से की। कंबोज ने बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज नारायण जगदीसन (70) को आउट करने के बाद चार अन्य बल्लेबाजों को चलता किया।
उन्होंने मुशीर खान (एक) और सरफराज खान (16) को पगबाधा करने के बाद रिंकू सिंह (06) को इशान किशन के हाथों कैच कराया, नीतिश कुमार रेड्डी दो रन बनाकर बोल्ड हो गये।
भारत बी 194 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, बंगाल के बल्लेबाज ईश्वरन ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (13) के साथ छठे विकेट के लिए 43 और साई किशोर (21) के साथ सातवें विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी करने के बाद राहुल चाहर (नाबाद 18) के साथ आठवें विकेट के लिए 26 रन की अटूट साझेदारी कर मैच में टीम का संघर्ष जारी रखा है। उन्होंने 262 गेंद की अपनी नाबाद पारी में 12 चौके और एक छक्का जड़ा है।