बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इंडिया से जुड़े तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़
पिछले कुछ सालों में भारतीय टीमें मैच के अभ्यास पर निर्भर रही हैं और गौतम गंभीर की टीम भी इससे अलग नहीं है जो विशेष कौशल वाले नेट गेंदबाजों का चयन कर रही है ताकि 19 सितंबर से शुरू हो रही बांग्लादेश श्रृंखला के लिए बल्लेबाजों को तैयार होने में मदद मिल सके।

चार दिवसीय शिविर के लिए बुलाए गए तेज गेंदबाजों में से एक पंजाब के गुरनूर बराड़ हैं जिन्होंने पांच प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और वह पिछले सत्र में आईपीएल के दौरान पंजाब किंग्स के साथ थे।
गुरनूर को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा के गेंदबाजी एक्शन के लिए बुलाया गया है जिन्होंने हाल में रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में पांच विकेट झटके थे।
नयी गेंद से गेंदबाजी करने वाले दो शानदार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की मौजूदगी में भारत के ‘टर्निंग पिच’ पर खेलने की संभावना नहीं है और चेपक की पिच ऐसी हो सकती है जहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को बराबर मदद मिलेगी।
इस पर उछाल और अधिक हो सकता है, बांग्लादेश के लंबे कद के तेज गेंदबाज राणा को मौका मिल सकता है। भारत के नए गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल को सलाह देते हुए देखा गया कि स्टार बल्लेबाजों को गेंदबाजी किस तरह की जाये।
मुंबई के ऑफ स्पिनर हिमांशु सिंह नेट्स का हिस्सा हैं। तमिलनाडु के बाएं हाथ के धीमे गेंदबाज एस अजीत राम ने नेट्स पर पसीना बहाया।
दूसरे दिन नेट्स पर तेज गेंदबाज आकाश दीप और यश दयाल ने बुमराह और सिराज से अधिक गेंदबाजी की। एक महीने के ब्रेक के बाद सीनियर बल्लेबाज लय में आने की कोशिश कर रहे हैं। बांग्लादेश टीम रविवार को चेन्नई आएगी। बांग्लादेश में अशांति और पूर्व पीएम शेख हसीना को हटाए जाने के ठीक बाद आने वाले मेहमानों के लिए कड़ी सुरक्षा होगी।
बांग्लादेश बोर्ड के नए प्रमुख फारुख अहमद ने पिछले गुरुवार को ढाका में पत्रकारों से कहा कि बीसीसीआई सचिव जय शाह ने उन्हें जरूरी सुरक्षा व्यवस्था का आश्वासन दिया है।