Trending

पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद बांग्लादेश टीम को नकद इनाम

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने पर अपनी टीम को 3.2 करोड़ बांग्लादेश टका का इनाम से नवाजा है, जो भारतीय रुपए के हिसाब से 2.25 करोड़ रुपये बैठता है।

@BCBtigers

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसके घर में 2-0 से हराया। युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार महमूद साजिब भुइयां ने नजमुल शांतो की कप्तानी वाली पुरुष टीम को यह पुरस्कार दिया। टीम से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष फारूक अहमद ने इस इनाम को स्वीकार किया। इनाम का एक हिस्सा बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए दान किया जाएगा।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक्स पर इस इनाम की जानकारी शेयर करते हुए लिखा, “बांग्लादेश क्रिकेट टीम को पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत के लिए 3.20 करोड़ बीडीटी का पुरस्कार दिया गया है।

बीसीबी के अध्यक्ष फारुक अहमद ने युवा और खेल मंत्रालय के सलाहकार महमूद साजिब भुइयां से बोनस स्वीकार किया। इसका एक हिस्सा बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दान किया जाएगा।

पाकिस्तान की यह अपने घर पर शर्मनाक हार थी। टीम 2021 से अपने घर पर कोई मैच नहीं जीत पाई है। पाकिस्तान ने अपने घर पर आखिरी मैच 4 फरवरी 2021 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीता था, इसके बाद टीम ने 10 टेस्ट खेले हैं जिसमें 4 ड्रॉ रहे और 6 में उन्हें हार मिली।

पाकिस्तान को धूल चटाने के बाद बांग्लादेश को भारत के खिलाफ 19 सितंबर से दो टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है। टीम की नजरें पाकिस्तान की तरह भारत के खिलाफ भी उलटफेर करने की होगी।

बांग्लादेश के लिए यह काम आसान नहीं रहने वाला है क्योंकि टीम इंडिया ने अपने घर पर 2013 के बाद से कोई सीरीज नहीं हारी है। भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट चेन्नई में, दूसरा टेस्ट कानपुर में खेला जाना है।