Trending

एक-दूसरे का इंटरव्यू लेते दिखे गौतम गंभीर व विराट कोहली

भारत बनाम बांग्लादेश टेस्ट सीरीज से एक दिन पहले बीसीसीआई ने ब्लॉकबस्टर वीडियो शेयर किया है। बीसीसीआई टीवी पर भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर और स्टार क्रिकेटर विराट कोहली एक-दूसरे का इंटरव्यू लेते हुए नजर आए हैं।

साभार : गूगल

पूरा इंटरव्यू बीसीसीआई ने शेयर नहीं किया है, इसका एक छोटा सा हिस्सा शेयर किया और यह देखकर ही आपको समझ में आ जाएगा कि यह इंटरव्यू कितना मजेदार होने वाला है।

गंभीर ने इस इंटरव्यू में विराट कोहली के 2014-15 ऑस्ट्रेलिया दौरे का जिक्र किया है, जिसमें किंग कोहली ने ताबड़तोड़ बैटिंग की थी। विराट ने इस दौरान गंभीर से एक ऐसा सवाल कर दिया, जिसका जवाब गंभीर ने उनसे ही पूछ लिया।

गंभीर ने कहा, ‘मुझे याद है, जब तुम्हारे लिए ऑस्ट्रेलिया सीरीज धमाकेदार रही थी, तुमने खूब सारे रन बनाए थे, और तुम इस दौरे पर अलग ही जोन में थे, मेरे लिए ऐसा ही कुछ नेपियर में था और अगर मैं पीछे मुड़कर देखूं तो क्या मैं फिर से ढाई दिन बैटिंग कर सकता था, मुझे नहीं लगता कि मैं वह फिर से कर सकता था।

मैं कभी भी उस जोन में गया ही नहीं। विराट ने 2014-15 ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चार टेस्ट मैचों की आठ पारियों में 86.50 की औसत से कुल 692 रन बनाए थे। 2009 के न्यूजीलैंड दौरे की बात करें तो नेपियर में टीम इंडिया पर हार का खतरा मंडरा रहा था और गौतम गंभीर ने दूसरी पारी में 436 गेंदों पर 137 रन बनाकर भारत को हार से बचाया था।

इसके बाद विराट ने गंभीर से पूछा कि जब आप मैदान पर विरोधी खिलाड़ियों से भिड़ते हैं तो आपको क्या लगता है कि इससे आप अपने जोन से बाहर आ जाएंगे और आउट हो जाएंगे या फिर आपको लगता है कि इससे आप और ज्यादा मोटिवेट हो जाएंगे।

इस पर गंभीर ने हंसते हुए कहा, ‘तुम मुझसे ज्यादा मैदान पर भिड़े हो, मुझे लगता है कि तुम इस सवाल का जवाब मुझसे बेहतर दे सकते हो। विराट ने इस बात को मानते हुए कहा, ‘मैं तो ये ढूंढ़ रहा हूं कि कोई मेरी बात से एग्री करता है, मैं ये नहीं बोल रहा कि गलत है, मैं सोच रहा हूं कि कोई तो बोले कि हां यही होता है।