उप्र में कोरोना संक्रमण के 132 नये मामले

कोरोना से 261 लोग हुए ठीक, प्रदेश में 1709 एक्टिव केस

-कोविड वैक्सीनेशन का कार्य निरन्तर जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण में गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के कुल 132 नए मामले दर्ज हुए हैं। वहीं इस दौरान 261 लोग कोविड-19 से ठीक हुए हैं। प्रदेश में इस समय कोरोना के कुल 1709 एक्टिव केस हैं।

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,44,384 सैम्पल की जांच की गयी। कोरोना संक्रमण के 132 नये मामले आये हैं। प्रदेश में अब तक कुल 10,55,10,440 सैम्पल की जांच की गयी हैं। विगत 24 घंटों में 261 लोग तथा अब तक कुल 20,44,299 लोग कोविड-19 से ठीक हुए हैं। प्रदेश में कोरोना के कुल 1,709 एक्टिव मामले हैं।

प्रसाद ने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन का कार्य निरन्तर किया जा रहा है। प्रदेश में कल 08 मार्च को एक दिन में 3,98,172 वैक्सीन की डोज दी गयी है। प्रदेश में कल तक 18 वर्ष से अधिक लोगों को पहली डोज कुल 15,23,49,603 और दूसरी डोज 11,95,74,331 दी गयी। उन्होंने बताया कि 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग को कल तक कुल पहली डोज 1,28,12,900 तथा दूसरी डोज 58,19,103 दी गयी है। कल तक 23,16,804 प्रीकॉशन डोज दी गयी है। कल तक कुल मिलाकर 29,28,72,741 वैक्सीन की डोज दी गयी है।