Quad Summit से पहले अमेरिका ने चीन को लताड़ा, साउथ चाइना सी में हरकतों से आए बाज, जानें भारत को लेकर क्या कहा

Quad Summit 2024 से पहले अमेरिका ने चीन को लताड़ा है. अमेरिका ने चीन को कड़ा संदेश दिया है कि उसे साउथ चाइना सी में अपनी आक्रामक हरकतों से बाज आना चाहिए.

 क्वाड समिट से पहले अमेरिका ने चीन को लताड़ा है. अमेरिका ने चीन को कड़ा संदेश दिया है कि उसे साउथ चाइना सी में अपनी आक्रामक हरकतों से बाज आना चाहिए. वहीं, अमेरिका ने भारत की तारीफों के पुल बांध दिए हैं. भारत और चीन को लेकर यूएस फॉरेन डिपार्टमेंट की हिंदुस्तानी प्रवक्ता मार्गरेट मैकलियोड ने बड़े बयान दिए हैं. बता दें कि क्वाड भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका देशों का एक पावरफुल ग्रुप है. 21 सितंबर को ये समिट अमेरिका में आयोजित होगा.

‘Quad को सिक्योरिटी अलायंस नहीं’

यूएस फॉरेन डिपार्टमेंट की हिंदुस्तानी प्रवक्ता मार्गरेट मैकलियोड ने कहा, ‘…Quad कोई सिक्योरिटी अलायंस नहीं है. लेकिन, सच्चाई यह है कि चीन बहुत आक्रामक कार्रवाई कर रहा है. समुद्री सुरक्षा के लिए Quad 2022 से समुद्री डोमेन जागरूकता के लिए इंडो-पैसिफिक पार्टनरशिप पर काम कर रहा है. हम, QUAD देश समुद्री सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए अपने पड़ोसी देशों के साथ जानकारी साझा कर रहे हैं और प्रदान भी कर रहे हैं.’

‘चीन को नहीं चाहिए ऐसी हरकतें’

मार्गरेट मैकलियोड ने चीन को साउथ चाइना सी के मसले पर घेरा. उन्होंने चीन को साउथ चाइना सी में अपनी नापाक हरकतों से बाज आने की हिदायत दी. उन्होंने आगे कहा कि, ‘हाल ही में हमने देखा कि फिलीपींस के कोस्ट गार्ड शिप पर हमला किया गया, क्योंकि चीन साउथ चाइना सी में बहुत आक्रामक है, अमेरिका ने स्पष्ट रूप से कहा है कि पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की सरकार को इस तरह की हरकतें नहीं करनी चाहिए.’

 ‘भारत के साथ संबंध अच्छे बने रहेंगे’

मार्गरेट मैकलियोड ने भारत की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि, ‘भारत और अमेरिका के बीच शिक्षा, अंतरिक्ष सहयोग और प्रौद्योगिकी सहित सहयोग की एक विस्तृत श्रृंखला है. मैं पूरे विश्वास के साथ कह रही हूं कि यह साझेदारी द्विदलीय है, अमेरिका का राष्ट्रपति कोई भी बने, भारत के साथ संबंध अच्छे बने रहेंगे. यह मीटिंग व्यक्तिगत हित के बारे में नहीं है बल्कि हमारे सामूहिक हित भी उच्च हैं, आने वाले दिनों में हम देखेंगे कि हम किन क्षेत्रों में सहयोग करेंगे.’ 

क्वाड समिट में पीएम मोदी भी होंगे शामिल

क्वाड का इस साल चौथा शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है, जिसकी मेजबानी इस बार अमेरिका कर रहा है. क्वाड समिट में शिकरत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 23 सितंबर तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे. अपने यूएस दौरे के दौरान पीएम मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘समिट ऑफ द फ्यूचर’ को भी संबोधित करेंगे. भारत ने 2025 में अगले क्वाड समिट की मेजबानी करने पर सहमति जताई है.