Trending

अब्बास काज़मी ने चौथी CISCE नेशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

लखनऊ। रांची में स्थित खेल गांव स्टेडियम में 13 से 16 सितंबर तक आयोजित चौथी सीआईएससीई नेशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में लामार्टिनियर कालेज के कक्षा 12 के छात्र अब्बास काजिम ने अण्डर-19 आयु वर्ग के 64 से 69 किलाग्राम वर्गभार में महाराष्ट्र के मुक्केबाज को फाइनल नॉकआउट मार कर स्वर्ण पदक जीत लिया।

अब्बास काजिम ने इससे पूर्व गतवर्ष रांची में सीआईएससीई जूनियर नेशनल अण्डर-17 के 67 से 70 किलो वर्ग भार में स्वर्ण जीता था। बताते चले कि पूर्व विधायक दिवंगत मर्तजा मियां के पोते, अब्बास काजमी लामार्टिनियर कालेज में कोच सुनील जोशी से मुक्केबाजी की ट्रेनिंग लेते हैं। अब्बास कक्षा 12 में गणित विषय से पढ़ाई कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भविष्य में एक अच्छा मुक्केबाज होने के साथ इंजीनियरिंग में भविष्य बनाना चाहते हैं। यही वजह है कि मजबूत इरादे रखने वाले अब्बास काजिम ने रांची की सीनियर नेशनल 2024 के क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक को पहले राउंड के चंद पल में धूल चटाते हुए नॉक आउट आधार पर जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में दस्तक दी।

अब्बास काजमी ने सेमीफाइनल में धाक बरकरार रखते हुए पंजाब के मुक्केबाज को भी पहले राउंड के चंद पल में नॉक आउट मारकर ढेर करते हुए फाइनल का दरवाजा खटखटा दिया। खिताबी मुकाबले में अब्बास काजमी ने महाराष्ट के मुक्केबाज को अपनी धमक दिखाते हुए चंद पल में नॉकआउट मारकर स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाल लिया।

लखनऊ लामार्टिनियर कॉलेज के 12वीं कक्षा के छात्र अब्बास काजमी इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं और अपने खेल में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। बेटे की उम्दा जीत पर परिवार ने अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि काजमी और कोच सुनील जोशी की कड़ी मेहनत और समर्पण ने यह सफलता दिलाई है।