Trending

चेन्नई टेस्ट : अश्विन-जडेजा की गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश ढेर, भारत ने 280 रन से जीता मैच

टीम इंडिया ने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश टीम को 280 रन से हराते हुए 2 मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल की। जीत के लिए 515 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मेहमान टीम अपनी दूसरी पारी में 234 पर सिमट गई।

@BCCI

यह मुकाबला 4 दिन के भीतर ही समाप्त हो गया। यह भारत की टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ 12वीं जीत है। भारत ने पहली पारी में रविचंद्रन अश्विन (113) के शतक से 376 रन बनाए। अश्विन के अलावा रविंद्र जडेजा (86) और यशस्वी जायसवाल (56) ने अर्धशतक लगाए।

जवाब में बांग्लादेश की पहली पारी 149 पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने वाली मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी शुभमन गिल (119) और ऋषभ पंत (109) के शतकों से 287/4 रन पर घोषित की।

अंत में अश्विन की घातक गेंदबाजी (6/88) से बांग्लादेश सिमट गई। बांग्लादेश के हसन महमूद की घातक गेंदबाजी के चलते भारत ने पहली पारी में 144 के स्कोर पर अपना छठा विकेट खोया। संकट की घड़ी में क्रीज पर आए अश्विन ने अपने घरेलू मैदान पर अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की।

@BCCI

अश्विन ने 108 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनका टेस्ट में सबसे तेज शतक है। वह 133 गेंदों पर 113 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पारी में 11 चौके और 2 छक्के लगाए। अश्विन ने नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए अपना चौथा टेस्ट शतक लगाया है। नंबर-8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए उनसे ज्यादा शतक सिर्फ डेनियल विटोरी (5) ने लगाए थे।

इस नंबर पर कामरान अकमल और जेसन होल्डर ने 3-3 शतक लगाए हैं।  अश्विन टेस्ट में शतक लगाने वाले चौथे सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उनसे ज्यादा उम्र में भारत की ओर से विजय मर्चेंट, राहुल द्रविड़ और वीनू मांकड़ ने शतक लगाए हैं।

अश्विन सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में 8वें स्थान पर आ गए हैं। इस खिलाड़ी के 522 विकेट हो गए हैं। अश्विन ने वेस्टइंडीज टीम के पूर्व दिग्गज कर्टनी वॉल्श को पीछे छोड़ा है। वॉल्श ने 132 टेस्ट की 242 पारियों में 24.44 की औसत से 519 विकेट लिए थे।

बता दें कि सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट मुथैया मुरलीधरन (800) के नाम है। अश्विन सिर्फ अनिल कुंबले (619) के बाद दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले भारतीय हैं। अश्विन टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उनसे आगे सिर्फ मुरलीधरन हैं।

मुरलीधरन ने अपने टेस्ट करियर में 67 बार 5 विकेट हॉल लिए थे। अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व दिग्गज गेंदबाज शेन वॉर्न की बराबरी की है। वॉर्न ने अपने टेस्ट करियर में 37 बार 5 विकेट हॉल लिए थे। अश्विन के भी अब 37 बार 5 विकेट हॉल हो गए हैं।

दूसरी पारी में भारत ने 15 रन के स्कोर पर जब अपना दूसरा विकेट खोया, तब गिल क्रीज पर आए थे। उन्होंने 10 चौकों और 4 छक्कों से नाबाद 119 रन बनाए। यह गिल के टेस्ट करियर का कुल पांचवां और बांग्लादेश के विरुद्ध में दूसरा शतक रहा। वह पहली पारी में शून्य पर आउट हुए थे।

गिल की पारी से भारत ने अपनी दूसरी पारी 287/4 के स्कोर पर घोषित की थी। भारतीय टीम को दूसरी पारी में 67 रन के कुल स्कोर पर विराट कोहली (17) के रूप में तीसरा झटका लगा था। पंत बल्लेबाजी के लिए मैदान उतरे। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने 217 गेंद में 167 रन जोड़ दिए।

पंत ने अपनी शानदार शतकीय पारी में 13 चौके और 4 कमाल के छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 85.16 की रही। उन्हें मेंहदी हसन मिराज ने आउट किया। भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 1 विकेट झटका।

बांग्लादेश की पहली पारी में अपना तीसरा विकेट चटकाते ही उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 विकेट पूरे हो गए। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले 10वें भारतीय गेंदबाज बने। बांग्लादेशी बल्लेबाज हसन महमूद (9) को आउट कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। उनके 196 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 402 विकेट हो गए हैं।

बांग्लादेश से हसन महमूद ने पहली पारी में 22.2 ओवर में 83 रन देते हुए 5 विकेट लिए। वह भारतीय सरजमीं पर 5 विकेट हॉल लेने वाले वह पहले बांग्लादेशी गेंदबाज बने। उन्होंने मैच के पहले दिन के दौरान ही 4 विकेट झटके थे। वह दूसरी पारी के दौरान कोई विकेट नहीं ले सके। उनके 4 टेस्ट में कुल 19 विकेट हो गए हैं।