Trending

इंडिया ए दलीप ट्रॉफी चैंपियन, इंडिया सी को दी शिकस्त

इंडिया ए ने दलीप ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। टीम ने आखिरी और फाइनल राउंड में रविवार को चौथे दिन इंडिया सी को 132 रन से हराया। शाश्वत रावत ने पहली पारी में सेंचुरी और दूसरी पारी में हाफ सेंचुरी लगाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

@BCCIdomestic

दलीप ट्रॉफी के आखिरी राउंड से ही विजेता का फैसला होना था। इस बार टूर्नामेंट नए फॉर्मेट में हुआ। कोई नॉकआउट मैच नहीं हुए, पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम को चैंपियन चुना गया।

एक अन्य मैच में इंडिया डी ने इंडिया बी को 257 रन से हराया। रविवार को मैच के चौथे और आखिरी दिन इंडिया-डी ने 373 रन के टारगेट का पीछा कर रही इंडिया बी को 115 रन पर ऑलआउट कर दिया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने दूसरी पारी में 6 विकेट लिए।

इंडिया ए बनाम इंडिया सी

इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 297 रन बनाए थे। शाश्वत रावत ने 124 रन की पारी खेली। जवाब में इंडिया सी 234 रन ही बना पाई। अभिषेक पोरेल ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए।

इंडिया ए ने अपनी दूसरी पारी 286 रन बनाकर घोषित कर दी। रियान पराग ने 73 रनों का योगदान दिया। शाश्वत ने 53 रन बनाए। कुशाग्र ने 42 रनों की पारी खेली। इंडिया सी को जीत के लिए 350 रन चाहिए थे। उनके नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। सुदर्शन के अलावा और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

दूसरी पारी में सुदर्शन नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 206 गेंद में 111 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हुए। इंडिया सी का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं लगा पाया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड ने 93 गेंद में 44 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके लगाए। इंडिया के लिए दूसरी पारी में प्रसिद्ध कृष्णा और तनुष कोटियान ने 3-3 विकेट झटके। आकिब खान ने 2 विकेट लिए।

इंडिया बी बनाम इंडिया डी

पहली पारी में इंडिया डी ने 349 और इंडिया बी ने 282 रन बनाए। दूसरी पारी में इंडिया डी ने 305 रन बनाए और पहली पारी में 67 रन की लीड के आधार पर इंडिया बी को जीत के लिए 373 रन का टारगेट दिया। जवाब में इंडिया बी 115 रन पर ढेर हो गई।

इंडिया डी से दूसरी पारी में अर्शदीप सिंह ने 6 और आदित्य ठाकुर ने 4 विकेट झटके। इंडिया बी के लिए नीतीश कुमार रेड्डी ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। नीतीश के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नही खेल सका।

इंडिया डी के लिए दूसरी पारी में रिकी भुई ने नाबाद 119 रन की पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने 50 और संजू सैमसन ने 45 रन बनाए। इंडिया बी से मुकेश कुमार ने 3 और नवदीप सैनी ने 3 विकेट लिए।

इंडिया डी का पहली पारी में 216 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवाने के बाद संजू सैमसन ने टीम को संभाला। सैमसन ने 106, रिकी भुई ने 56, केएस भरत ने 52 और देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन की पारी खेली। इंडिया बी से नवदीप सैनी ने 5 विकेट झटके और लेग स्पिनर राहुल चाहर को 3 विकेट मिले। वहीं मुकेश कुमार को 1 सफलता मिली।

इंडिया बी से पहली पारी में कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 116 और वॉशिंगटन सुंदर ने 87 रन की पारी खेली। इंडिया डी के लिए सौरभ कुमार ने 5 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह ने 3 और आदित्य ठाकुर ने 2 विकेट लिए।